खबरे

अब इंग्लैंड में नमस्ते करेंगे अर्जुन कपूर

मुंबई, 11 जुलाई, : कई सालों के बाद निर्देशन के मैदान में लौट रहे निर्माता विपुल शाह ने कुछ दिनों पहले सैफ अली खान के साथ एक फिल्म बनाने की घोषणा की थी। बीते सप्ताह में खबर आई कि सैफ अली खान इस फिल्म से अलग हो गए हैं और उनकी जगह अब अर्जुन कपूर इस फिल्म के मुख्य किरदार को निभाएंगे। 

इस सप्ताह विपुल शाह के साथ अर्जुन कपूर की एक और फिल्म की घोषणा सामने आई है। अक्षय कुमार के साथ बनी विपुल शाह की बतौर निर्देशक हिट रही फिल्म नमस्ते लंदन का सीक्वल बनने जा रहा है। जिसमें अब अर्जुन कपूर हीरो होंगे और इस सीक्वल का टाइटल नमस्ते इंग्लैड रखा गया है। अक्षय कुमार ने बहुत पहले साफ कर दिया था कि वे इस सीक्वल में काम नहीं करेंगे। कई सालों पहले ‘सिंह इज किंग’ के बाद अक्षय कुमार और विपुल शाह के बीच रिश्तों में इतनी तल्खी आ चुकी थी कि अक्षय का अब उनके साथ काम करना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है।

इस बीच विपुल शाह ये तय करने में लगे हुए हैं कि अर्जुन कपूर के साथ वे पहले कौन सी फिल्म शुरू करेंगे। वैसे उनकी प्रोडक्शन टीम के सूत्र बता रहे हैं कि नमस्ते इंग्लैंड जल्दी शुरू हो सकती है। इस फिल्म में अभी अर्जुन की हीरोइन का मामला तय नहीं है। ये मामला तय होते ही फिल्म शुरू हो जाएगी। फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है। अर्जुन कपूर इन दिनों अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मुबारकां’ के प्रमोशन में बिजी हैं। इस फिल्म में वे पहली बार अपने चाचा अनिल कपूर के साथ परदे पर नजर आएंगे। वे इस फिल्म में डबल रोल कर रहे हैं। इलियाना डिक्रूज और आथिया शेट्टी फिल्म में उनकी दो हीरोइने हैं। फिल्म 28 जुलाई को रिलीज होने जा रही है। 

Related Articles

Back to top button
Close