Home Sliderदेशनई दिल्ली

अब दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, मोदी-शिंजो आबे ने किया परियोजना का शिलान्यास

अहमदाबाद/नई दिल्ली, 14 सितम्बर (हिस)। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार सुबह अहमदाबाद में मुंबई-अहमदाबाद के बीच हाई स्पीड ट्रेन परियोजना का शिलान्यास किया। 508 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 1.10 लाख करोड़ रूपये की लागत आने की संभावना जताई जा रही है, जिसका करीब 85 फीसदी जापान सरकार सस्ते कर्ज के रूप में देगी। ये परियोजना जापान इंटरनेशनल कॉर्पोरेशन एजेंसी (जिका) और भारतीय रेलवे के बीच आपसी सहयोग के तहत् पूरी की जाएगी। 

गुरूवार सुबह मेहमान प्रधानमंत्री और नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन पर इस मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को बदलते परिदृश्य में नए तकनीकी परिवहन की जरूरत है। भारतीय रेल दुनिया का इतना बड़ा नेटवर्क है कि जापान की जितनी जनसंख्या है, उतने लोग तो हमारे यहां एक हफ्ते में ट्रेन में सफर करते हैं। हमारी सरकार ने रेलवे पर जितना ध्यान दिया, पिछली किसी सरकार ने नहीं दिया है। कोलकाता- लुधियाना ईस्टर्न कॉरिडोर भी तैयार होगा। मैं आशा करता हूं कि 2022 तक, जब भारत की आजादी के 75 साल पूरे होंगे, मैं हमारे अजीज मित्र शिंजो आबे के साथ इस बुलेट ट्रेन में सफर कर पाऊंगा। 

इस अवसर पर मेहमान प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा कि वो भी चाहते है कि अगली बार जब वो अहमदाबाद आएं, तो मोदीजी के साथ बुलेट ट्रेन में सफर करें। उन्होंने कहा कि जापान के इंजीनियर्स अपने भारतीय इंजीनियर साथियों के साथ रात-दिन इस बुलेट ट्रेन परियोजना को पूरा करने में लग गए है। और जल्दी ही दुनिया इसे पूरा होते देखेगी। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विश्व राजनेता की तरह उभरें हैं, उनकी सोच वैश्विक है, भारत-जापान मिलकर दुनिया में एक बेहतरीन तकनीकी शक्ति के रूप में उभर सकते हैं। 

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने इस मौके पर कहा कि ये नरेंद्र भाई मोदी ही है, जिनके चलते भारत-जापान के संबंध दोस्ती के इस स्तर पर पहुंचें है। जिसका असर आज हम बुलेट ट्रेन परियोजना में जापान के सहयोग के रूप में देख रहे हैं।

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश की, कि इस ट्रेन परियोजना के पूरा होने पर उसका उद्घाटन मुंबई से हो। 

केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इस परियोजना को नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की संकल्पना का हिस्सा बताया और कहा कि ऐसी परियोजनाएं ये बताती है कि नरेंद्र मोदी भारत के विकास को किस उच्च स्तर तक ले जाना चाहते हैं। 

मुंबई दिल्ली हाई स्पीड ट्रेन परियोजना भारत-जापान के आपसी सहयोग से तैयार हो रही है। इसी परियोजना के शिलान्यास के लिए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे भारत आएं हैं। शिंजो आबे बुधवार 13 सितम्बर को टोकियो से सीधे अहमदाबाद आए, जहां नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी सहित केंद्र और राज्य सरकार के आला अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। बुधवार को अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंर्तराष्ट्रीय हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम तक आबे और मोदी का रोड-शो हुआ था। आज गुरूवार को इस ट्रेन परियोजना का बाद आबे दांडी कुटीर जाएंगे। मेहमान प्रधानमंत्री आज गुरूवार देर रात अपने देश लौट जाएंगे। 

Related Articles

Back to top button
Close