Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

अहमदनगर में महाखादी यात्रा को मिला भारी समर्थन

मुंबई, 10 नवम्बर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र राज्य खादी ग्रामोद्योग मंडल की ओर मुंबई से शुरू की गई खादी महायात्रा जब अहमदनगर पहुंची तो नागरिकों द्वारा इस यात्रा को अच्छी प्रतिक्रिया (समर्थन) मिली।

मुंबई से शुरू हुई महाखादी यात्रा अहमदनगर पहुंचने पर शहर के ससावेडी परिसर में स्थित रावसाहेब पटवर्धन सभागृह में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी अभय महाजन ने यहां लगाए सभी स्टालों का बारीकी से निरीक्षण किया। जिले में आयोजित खादी महायात्रा प्रदर्शनी के कारण खादी के बारे में सभी के मन में आकर्षण देखने को मिला। ग्रामोद्योगी कारीगर द्वारा उत्पादित माल को बाजार में उपलब्ध कराने हेतु महाराष्ट्र राज्य खादी ग्रामोद्योग मंडल की ओर से महाखादी और महाग्राम ब्रैंड पंजीकृत करते हुए प्रसारित करने की योजना है। इस ब्रैंड का सबसे अधिक फायदा कारीगरों को दिलाने हेतु महाखादी यात्रा काफी महत्वपूर्ण है। 

खादी को बढ़ावा देने हेतु हर एक व्यक्ति से सप्ताह में कम से कम एक दिन खादी के कपड़े पहनने की अपील जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एके खेड़कर ने की है। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के महाव्यवस्थापक संतोष गवली, जिला विधायक समिति के सचिव किशोर मुनोत, शहद संचालनालय के संचालक माधव दराडे, कार्यासन अधिकारी आनंद कर्णिक सहित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय के अधिकारी एसवी कोकरे, वीएल डोंगरे, आरएस शेलके, एसवाई तागड, वीए शिंदे आदि इस महाखादी यात्रा की सफलता के लिए प्रयासरत हैं।

Related Articles

Back to top button
Close