Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

आज राष्ट्र मना रहा है स्वामी विवेकानंद की 155वीं जयंती, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने किया याद

नई दिल्ली, 12 जनवरी : राष्ट्र शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद की 155वीं जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मना रहा है। देशभर में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने उन्हें याद किया। मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के पुरी में समुद्र किनारे विवेकानंद की रेत से विशाल मूर्ति बनाकर न्यू इंडिया के निर्माण में युवा शक्ति के संगठित होने का संदेश दिया है। 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जारी शुभकामना संदेश में कहा, स्वामी विवेकानंद की जयंती के शुभ अवसर पर उनकी स्मृति को मैं नमन करता हूं। उस महान विद्वान, संत और राष्ट्र निर्माता के सम्मान में हम आज का दिन ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के रूप में मनाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कहा, मैं स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। आज, राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर मैं अपने युवाओं की अदम्य ऊर्जा और उत्साह को सलाम करता हूं, जो न्यू इंडिया के निर्माता हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने संदेश में कहा, भारतीय संस्कृति की सुगंध को सम्पूर्ण विश्व में

बिखेरने वाले युवा संन्यासी स्वामी विवेकानंद जी साहित्य, दर्शन और इतिहास के प्रकाण्ड विद्वान थे। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में निरंतर समर्पित रहने के लिए अपील की जिससे वह युवाओं के आदर्श बने। स्वामी विवेकानंद के विचार व उनकी रचनाएं आने वाले युगों तक देश के युवाओं का मार्गदर्शन कर उन्हें राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करती रहेगी। आज उनकी जयंती के शुभ-अवसर पर उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं समस्त युवाओं को ‘युवा दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, महान स्वामी विवेकानंद को उनके जन्मदिवस पर नमन। आइए हम सभी उनकी शिक्षाओं को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय युवा दिवस पर एकता और भाईचारे के कारणों को आगे बढ़ाने के लिए खुद को समर्पित करें। (हि.स.)।

Related Articles

Back to top button
Close