उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

इलाहाबाद में महिला की निर्मम हत्या, दुष्कर्म की आशंका

इलाहाबाद, 18 नवम्बर (हि.स.)। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के खनसार गांव में शनिवार की सुबह घर के समीप स्थित खेत में एक महिला का शव खून से लथपथ पाया गया। सूचना पर आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। 

फूलपुर के खनसार गांव निवासी रीता (40) पत्नी स्वर्गीय राम चन्द्र किसी तरह खेती व मजदूरी करके जीवन-यापन करती थी। उसका एक बेटा है जो वर्तमान में सूरत शहर में प्राइवेट काम करता है। घर पर विधवा अकेली रहती थी। 

शनिवार की सुबह घर के समीप स्थित खेत में उसका शव खून से लथपथ ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि उसकी किसी धारदार हथियार वार करके मौत के घाट उतारा गया। आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या की गई है। हत्या की सूचना पर थानाध्यक्ष फूलपुर राजकुमार वर्मा और सीओ फूलपुर एवं पुलिस अधीक्षक गंगापार सुनील कुमार सिंह सहित आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फिल्ड युनिट एवं खोजी कुत्ते को भी लगाया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके शव का पंचनामा किया और अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। 

पुलिस अधीक्षक गंगापार सुनील कुमार सिंह ने बताया कि विधवा महिला के घर कुछ लोगों का आना जाना था, जिनके सम्बन्ध में जानकारी जुटाई जा रही है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। खुलासे के लिए टीम को दिशा निर्देश दे दिया है। 

Related Articles

Back to top button
Close