Home Sliderदेशनई दिल्ली

इसरो के 100वें उपग्रह का सफल प्रक्षेपण भारतीयों के लिए गौरव का क्षण : राष्ट्रपति

नई दिल्ली, 12 जनवरी : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की टीम को अंतरिक्ष में उसके 100वें उपग्रह के सफल प्रक्षेपण के लिए बधाई देते हुए इसे नए साल का तोहफा करार दिया है। 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इसरो को बधाई देते हुए कहा, छह मित्र राष्ट्रों के 28 उपग्रहों और 2 सहयात्री उपग्रहों के साथ, भारत के 100वें उपग्रह, कार्टोसैट-2 का प्रक्षेपण हर भारतवासी के लिए गौरव का क्षण है। असाधारण प्रतिभा से युक्त इसरो के वैज्ञानिकों को मेरी बधाई। हमारे देश के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, आज पीएसएलवी के सफल प्रक्षेपण पर इसरो और उसके वैज्ञानिकों की मैं हृदय से प्रशंसा करता हूं। नए साल में यह सफलता हमारे नागरिकों, किसानों, मछुआरों आदि को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश की तेजी से बढ़ोतरी का लाभ पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि इसरो द्वारा 100वें उपग्रह का शुभारंभ अपनी शानदार उपलब्धियों और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के उज्ज्वल भविष्य को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा, भारत की सफलता के लाभ हमारे भागीदारों के लिए भी उपलब्ध हैं। आज प्रक्षेपित किए गए 31 उपग्रहों में से, 28 छह अन्य देशों से संबंधित थे। (हि.स.)।

Related Articles

Back to top button
Close