खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर साधा निशाना

मुंबई, 16 जनवरी (हि.स.)। राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘मैंने पहले कहा था कि राज्य की कानून व सुव्यवस्था उत्तम है, पर पुणे के बिल्डर की हत्या के बाद यह साबित हो गया कि राज्य में कानून व सुव्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है।’ यह बातें उद्धव ठाकरे ने पार्टी के मुखपत्र सामना के नवीनतम अंक के संपादकीय में कहीं। 

पिछले दिनोंं मुंबई में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की पीठ थपथपाते हुए उनकी प्रशंसा की थी। इसके बाद पुणे में दो हमलावरों ने एक बिल्डर की गोली मार करके हत्या कर दी और फरार हो गए। इसी पर टिप्पणी करते हुए शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने पार्टी के मुखपत्र सामना की संपादकीय में लिखा ‘राज्य में व्यवसायी वर्ग सुरक्षित नहीं है। पुणे में बिल्डर की हत्या खतरे की घंटी है। उद्योगपति व व्यापारियों ने मिलकर देश व राज्य में भाजपा की सत्ता लाने में अहम भूमिका निभाई है और अब उन्हीं की बलि ली जा रही है। 

महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे अब अपराधियों की राजधानी बनती जा रही है। पुणे में ठंड कम है, पर अपराधियों की टोली ने पुणे के माहौल को गरमा दिया है। पुणे व आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है तो ऐसे में कैसे कहा जा सकता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था ठीक है।’ 

ठाकरे ने आगे लिखा ‘राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को मुख्यमंत्री ने सराहा था, पुणे में बिल्डर की हत्या की घटना मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए प्रमाणपत्र में छेद के समान है।’

Related Articles

Back to top button
Close