Home Sliderदेशनई दिल्ली

ओएनजीसी के लापता हेलिकॉप्टर में सवार 7 में से 4 के शव मिले

नई दिल्ली/मुंबई, 13 जनवरी (हि.स.)। सरकारी क्षेत्र की तेल कंपनी ओएनजीसी के लापता हेलिकॉप्टर का मलबा मुंबई से लगे अरब सागर में मुंबई से 38 नॉटिकल माइल्स पर मिला है। इस हेलिकॉप्टर में सवार सात लोगों में से 4 के शव बरामद हुए हैं। भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के दल खोजी अभियान में लगे हुए हैं। 

कोस्टगार्ड के सूत्रों के मुताबिक ओएनजीसी के पांच अधिकारियों को लेकर सरकारी कंपनी पवन हंस हेलिकॉप्टर ने शनिवार सुबह मुंबई के जुहू से उड़ान भरी थी। लेकिन वो अरब सागर में लापता हो गया। शनिवार दोपहर लापता हेलिकॉप्टर का मलबा मिला। साथ ही खोजी दल को हेलिकॉप्टर में सवार सात लोगों में से एक का शव बरामद हुआ था। 

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उन्होंने सूचना मिलते ही रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से बात की और ओएनजीसी के लापता हेलिकॉप्टर को खोजने के लिए नौसेना की मदद मांगी। रक्षा मंत्री ने इस मामले में पूरी सहायता का आश्वासन दिया और तत्काल भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक दल को खोज एवं बचाव अभियान (एसएआर) में लगाया। 

रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने भी बताया कि उन्हें शनिवार दोपहर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फोन आया था। प्रधान ने ओएनजीसी लापता हेलिकॉप्टर मामले में मदद मांगी, जिस पर रक्षा मंत्रालय की ओर से तुरंत मदद दी गई। 

सरकारी तेल कंपनी ऑयल एंड गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) के पांच अधिकारियों को लेकर मुंबई से लगे अरब सागर में कंपनी के ऑफशोर डेवेल्पमेंट साइट के लिए उड़ा पवन हंस का हेलिकॉप्टर लापता हो गया था। इसमें ओएनजीसी के पांच अधिकारी और दो पायलट सहित सात लोग सवार थे। 

Related Articles

Back to top button
Close