खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगायी डुबकी, घाटों पर भारी भीड़

वाराणसी, 04 नवम्बर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर शनिवार को परम्परानुसार लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगा कर दानपुण्य किया। और बाबा विश्वनाथ के साथ मां अन्नपूर्णा के दरबार में हाजिरी लगायी। 

गंगा स्नान के लिए प्राचीन दशाश्वमेधघाट, शीतलाघाट, मान मंदिर घाट, पंचगंगा घाट, अस्सी घाट, गौरी केदारेश्वरघाट, भैसासुरघाट पर सर्वाधिक भीड़ रही। दूर दराज के ग्रामीण अंचल से हजारों श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए शुक्रवार की शाम ही शहर में आने लगे थे। हजारों श्रद्धालुओं ने बस स्टैंड रेलवे स्टेशन पर रात गुजारी और भोर में पैदल ही गंगा स्नान के लिए समूह में सिर पर गठरी लादे निकल पड़े। वहीं हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर खुले आसमान के नीचे भजन कीर्तन करते हुए रात गुजारी और भोर में डुबकी लगा अपने घरों की ओर रवाना हो गये। गंगा स्नान का सिलसिला भोर से अपरान्ह तक जारी रहा। जैसे-जैेसे दिन चढ़ता जा रहा था भारी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं के आने का तांता लगा हुआ था। श्रद्धालुओं के चलते गोदौलिया से लेकर दशाश्वमेधघाट पर पैर रखने की जगह नही बची थी। गंगा स्नान के बाद हजारों लोगों ने घरों में भगवान सत्यनारायण की कथा भी सुनी। हजारों महिलाओं ने कार्तिक पूर्णिमा पर परम्परानुसार पीपल, तुलसी, आंवला के बृक्ष में पानी देकर दीप जलाया।

गौरतलब हो कि कार्तिक पूर्णिमा का पौराणिक महत्व है। आज के ही दिन देवों के देव महादेव ने देवताओं के अनुरोध पर त्रिपुरासुर का वध किया था। भगवती पार्वती ने महिषासुर वध के लिए आज के ही दिन शक्ति अर्जित की थी। मत्स्य अवतार भी इसी दिन हुआ था। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान विशेष फलदाई होता है। इसी कारण काशी के गंगा घाटों पर सुबह से ही लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ गंगा में डुबकी लगाने के लिए उमड़ पड़ती है। 

ऐसी भी मान्यता है कि जो व्यक्ति पूरे साल गंगा स्नान से वंचित रहता है, वो सिर्फ कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी से पांच दिन अर्थात कार्तिक पूर्णिमा तक गंगा स्नान कर लेता है तो उसे साल भर का पुण्य लाभ मिल जाता है। इस दिन गंगा स्नान और दान से कई पापों से मुक्ति मिलती है। हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार कार्तिक मास को बहुत पवित्र और पूजा-अर्चना के लिए श्रेष्ठ माना गया है। पुण्य प्राप्त करने के कई उपायों में कार्तिक स्नान भी एक है। पुराणों के अनुसार इस दिन ब्रह्ममुहूर्त में किसी पवित्र नदी में स्नानकर भगवान विष्णु या अपने इष्ट की आराधना करनी चाहिए। ऐसा माना जाता है कलयुग में कार्तिक पूर्णिमा पर विधि-विधान से नदी स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। 

Related Articles

Back to top button
Close