Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

गुजरात और हिमाचल की जीत पर कानपुर में भाजपा ने मनाया जश्न

कानपुर, 18 दिसम्बर (हि.स.)। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भारी जीत की ओर बढ़ रही भारतीय जनता पार्टी के लिए दोहरी खुशी है। एक तो हिमाचल प्रदेश भी अपनी झोली में आकर भाजपा शासित राज्यों की संख्या में बढ़ोत्तरी, तो वहीं कांग्रेस के तमाम आरोपों के बाद एक बार फिर गुजरात की जनता ने प्रधानमंत्री पर भरोसा जताया। ऐसे में तो पार्टी कार्यकर्ताओं का खुश होना लाजिमी है। इसी के चलते कानपुर में कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर जहां डांस किया तो वहीं एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। 

गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के चेहरों पर ख़ुशी साफ़ दिखाई देने लगी। जिला भाजपा इकाई ने पार्टी कार्यालय पर गुजरात और हिमांचल प्रदेश में पार्टी को विजयी बढ़त मिलने पर एक दूसरे को गले लगाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी। 

बहुप्रतीक्षित गुजरात प्रदेश के नतीजे आते ही सभी पार्टियों के माथे पर परेशानी दिख रही है, लेकिन भाजपा में प्रसन्नता की लहर है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी ने पार्टी कार्यालय के नीचे मिठाई खिलाकर कार्यकर्ताओ को बधाई और पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए और मेहनत से पार्टी को मजबूत करने की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हे जीत की बधाई दी।

जिला महामंत्री सुनील बजाज ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस मुक्त भारत की ओर लगातार बढ़ रही है। जिसके चलते अब भाजपा व एनडीए शासित राज्यों की संख्या 19 पहुंच चुकी है। कहा कि जनता ने कांग्रेस को सबक सिखा दिया कि जाति और धर्म पर अब मतदान नहीं होने वाला है। देश की जनता विकास के नाम पर लगातार भाजपा के साथ जुड़ती जा रही है। दोनों प्रदेशों की विधानसभाओं में पार्टी की जीत आगामी लोकसभा चुनाव की ओर स्पष्ट इशारा कर दिया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी, सुनील बजाज, सत्येन्द्र पाण्डेय, राहुल चंदेल, अजय अग्निहोत्री, किरण तिवारी, दीपक बाजपेयी, अनुपम दीक्षित आदि मौजूद रहे। 

Related Articles

Back to top button
Close