Home Sliderदेशनई दिल्ली

चंडीगढ़ में कांग्रेस-अकाली ने केजरीवाल को दिखाए काले झंडे

नई दिल्ली/चंडीगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चंडीगढ़ पहुंचने पर हवाई अड्डे पर ही उन्हें अकाली दल और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। इसके साथ ही उनके काफिले पर सफेद पाउडर के पैकेट्स फेंके गए। 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली के पर्यावरण मंत्री और पर्यावरण सचिव के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने चंडीगढ़ पहुंचे हैं। हालांकि केजरीवाल की बार-बार अपील के बावजूद अमरिंदर सिंह ने केजरीवाल को मुलाकात का समय नहीं दिया।

दरअसल दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण की एक बड़ी वजह हरियाणा और पंजाब में पराली जलाना भी है। इस पर क़ाबू पाने के उपायों पर चर्चा के लिए बुधवार को केजरीवाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की चंडीगढ़ में मुलाकात हुई। 

हालांकि केजरीवाल के साथ खट्टर की बुधवार को चंडीगढ़ में मुलाकात को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से फिलहाल पुष्टि नहीं की गयी है। खट्टर की ओर से भी केजरीवाल के ट्वीट के जवाब में कोई ट्वीट नहीं किया गया।

इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री केजरीवाल से मिलने से मना कर दिया। केजरीवाल पराली जलाने के मुद्दे पर सिंह के साथ बातचीत करना चाह रहे थे।

Related Articles

Back to top button
Close