Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

डिस्कवरी पर दिखेंगे स्वामी रामदेव

नई दिल्ली, 07 फरवरी  : स्वामी रामदेव एक जीवंत किंवदंती बन गए हैं। भगवा वस्त्रधारी इस संन्यासी को पहले सब योगगुरू ही समझते रहे। अचानक ही वे काले धन के खिलाफ एक क्रांतिकारी संत के रूप में सामने आए। फिर वे एक बड़े व्यापारी के रूप में उभरे और उसका आधार भी ‘विदेशी भगाओ, स्वदेशी लाओ’ को बनाया। कम समय में ही उनका पतंजलि ब्रांड भारत का सबसे तेजी से बढ़ने वाला ब्रांड बना। इसके अलावा शिक्षा से लेकर स्वास्थय तक के क्षेत्र में स्वामी रामदेव की पहल लोगों में कौतुहल जगाती है।

इस सारे कौतुहल पर से परदा हटाने के लिए टेलीविजन के पर्दे पर स्वयं स्वामी रामदेव प्रकट होने जा रहे हैं। योगगुरू स्वामी रामदेव का जीवन अब एक धारावाहिक के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। टेलीविजन पर इसका प्रमोशन शुरू हो चुका है। बुधवार को नई दिल्ली में स्वयं योगगुरू रामदेव ने मीडिया को इस धारावाहिक के विषय में बताया। स्वामी रामदेव ने कहा कि धारावाहिक में जो दिखाया जाएगा, वह उनके संघर्षपूर्ण जीवन के बहुत करीब है। चूंकि यह टेलीविजन पर प्रस्तुत किया जा रहा है| इसलिए उसकी आवश्यकता को देखते हुए कुछ प्रसंगों का नाट्य रूपांतरण या विस्तार किया गया है। स्वामी रामदेव ने बताया कि यह धारावाहिक उनकी अब तक की सबसे प्रामाणिक जीवनी पर आधारित है।

नई दिल्ली के मावलंकर हाल में शुक्रवार को बड़ी संख्या में जुटे मीडियाकर्मियों के समक्ष धारावाहिक में स्वामी रामदेव की भूमिका निभाने वाले कलाकार भी उपस्थित थे। ‘स्वामी रामदेव-एक संघर्ष’ नामक इस धारावाहिक में बालक रामदेव की भूमिका नमन जैन निभा रहे हैं तो युवा रामदेव की भूमिका में क्रांति प्रकाश झा नजर आएंगे। 12 फरवरी से डिस्कवरी जीत चैनल पर शाम 8.30 पर प्रसारित किया जाएगा। भव्य स्वरूप में प्रदर्शित की जाने वाली इस जीवनी में एक साधारण से अनाम व्यक्ति से एक प्रसिद्ध योग गुरु, बिजनेस गुरु और एक महानायक बनने की यात्रा 85 कड़ियों में दिखाई जाएगी।

इस धारावाहिक का प्रमोशन भी बहुत भव्य तरीके से होने जा रहा है। शनिवार (10 फरवरी) को शाम 4 बजे से नई दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में इस धारावाहिक का प्रमोशन कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। इसमें 20 हजार से ज्यादा लोगों के उपस्थित रहने का अनुमान है। इस लिहाज से यह किसी भी धारावाहिक या फिल्म का सबसे बड़ा प्रमोशन समारोह साबित होगा।

स्वामी रामदेव वर्तमान समय में देश-विदेश में खासे लोकप्रिय हैं। लेकिन बहुत कम लोग ही उनकी पृष्ठभूमि के बारे में जानते हैं। अब उनकी अधिकारिक जीवनी पर धारावाहिक बनकर प्रस्तुत होने को तैयार है। इस धारावाहिक की शूटिंग राजस्थान, हरिद्वार और मुंबई जैसे वास्तविक स्थलों पर की गई है। इस धारावाहिक में एक गरीब किसान के पुत्र से एक महानायक बनने तक की उनकी यात्रा दिखाई जाएगी। अजय देवगन फिल्म्स और वॉटरगेट प्रोडक्शन के संयुक्त निर्माण में बन रहा यह महाधारावाहिक स्वामी रामदेव के जीवन में ‘है मुमकिन’ का महत्व सामने लाता है।

डिस्कवरी कम्युनिकेशंस इंडिया (दक्षिण एशिया) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक करण बजाज इस धारावाहिक के बारे में कहते हैं कि शुरुआत में हमारे लेखकों की टीम एक घंटे के शो के लिए स्वामी रामदेव से मिली थी। फिर हमें यह अहसास हुआ कि उनके जीवन को कुछ घंटों के धारावाहिक में नहीं दर्शाया जा सकता। इसी का परिणाम हुआ कि हमने 85 कड़ियों (एपिसोड) के एक भव्य महाधारावाहिक का निर्माण किया।

स्वामी रामदेव ने अपने नाम पर बने धारावाहिक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डिस्कवरी जीत की ‘है मुमकिन‘ की विचारधारा ने मुझे आकर्षित किया। मेरा जीवन भी आसान नहीं रहा। यह जीवनी सभी घटनाक्रमों को उसी तरह प्रस्तुत करती है जिस तरह वह घटित हुए थे। 
स्वामी रामदेव पर धारावाहिक के साथ ही डिस्कवरी जीत 10 करोड़ से ज्यादा घरों में एक साथ शुरू होगा, जो भारत में मनोरंजन चैनलों की दुनिया में बड़ा कदम होगा। अब तक डिस्कवरी केवल ज्ञान-विज्ञान और जीव जन्तुओं की दुनिया को ही सामने लाने का काम करता रहा है। वह भारत में मनोरंजन के क्षेत्र में पहली बार उतर रहा है।

भारत का पहला राष्ट्रीय मनोरंजन चैनल बनने के लक्ष्य के साथ डिस्कवरी जीत के सभी कार्यक्रम हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में उपलब्ध कराए जाएंगे। डिस्कवरी जीत पर प्रसारित की जाने वाली समस्त सामग्री को दुनिया भर में पहुंचाने के लिए डिस्कवरी कम्युनिकेशंस इंडिया (डीसीआईएन) ने नेटफ्लिक्स को अपना विशेष विश्व सहयोगी बनाया है, जिसे व्यावसायिक जगत में ‘ओवर द टप’ ग्लोबल पार्टनर के नाम से जाना जाता है। इस समझौते के अंतर्गत डिस्कवरी जीत के सभी कार्यक्रम दुनियाभर के 190 देशों के दर्शकों को अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे। भारत में डिस्कवरी जीत पर कार्यक्रमों के प्रसारण के तुरंत बाद दुनिया भर का नेटफ्लिक्स समुदाय इसे देख सकता है। 
(हि.स.)

Related Articles

Back to top button
Close