Home Sliderदेशनई दिल्ली

नम आंखों से विदाई, महायोद्धा मार्शल अर्जन सिंह हुए पंचतत्व में विलीन

नई दिल्ली, 18 सितम्बर : वायुसेना के रिटायर्ड मार्शल अर्जन सिंह का पार्थिव शरीर आज पंचतत्व में विलीन हो गया। वायुसेना के महायोद्धा मार्शल सिंह को सोमवार को देश ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। 

छावनी स्थित बरार स्क्वायर में उन्हें मुखाग्नि दी गई। अर्जन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया| उन्हें 21 तोपों की सलामी भी दी गई। इसके अलावा उन्हें फ्लाई पास्ट भी दिया गया। मार्शल सिंह के सम्मान में राजधानी के सभी सरकारी इमारतों पर लगा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आधा झुका दिया गया। अंतिम संस्कार सुबह साढ़े नौ बजे किया गया। 

इस भावुक मौके पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने भी बरार स्क्वायर पहुंच कर उन्हें अंतिम विदाई दी। सेना के तीनों प्रमुख (थल सेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, एयर चीफ बीएस धनोआ, नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा) भी अर्जन सिंह को अंतिम विदाई देने के लिए मौजूद रहे। 

मार्शल अर्जन सिंह के पार्थिव शरीर को सोमवार को उनके निवास स्थान से प्रातः 8 बजकर 15 मिनट पर बन्दूकधारी गाड़ी में जुलूस के रूप में ले जाया गया। गौरतलब है कि वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध के नायक और पांच सितारा रैंक तक पदोन्नत किए गए वायुसेना के एकमात्र अधिकारी मार्शल अर्जन सिंह का शनिवार को सेना के अस्पताल में निधन हो गया था। वह 98 वर्ष के थे।

Related Articles

Back to top button
Close