Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

नवी मुंबई मनपा महापौर चुनाव में शिवसेना से दूर रहेगी भाजपा

मुंबई, 04 नवम्बर (हि.स.)। औरंगाबाद मनपा महापौर चुनाव में शिवसेना का सहयोग करने के बाद भी शिवसेना नेता भाजपा पर टिप्पणी करने से बाज नहीं आ रहे हैं और सरकार के तीन वर्ष पूरा करने के उपलक्ष्य में शिवसेना ने भाजपा सरकार की खिल्ली उड़ाते हुए मंत्रियों के घोटाले की पुस्तिका निकाली है। इससे भाजपा नाराज है और वह नवी मुंबई मनपा में महापौर पद के चुनाव में शिवसेना का समर्थन नहीं करने का संकल्प लिया है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में भाजपा सरकार ने तीन वर्ष पूरा किया है और पार्टी नेता व कार्यकर्ता खुशी मना रहे हैं। ऐसे में शिवसेना सरकार का घटक होने के बावजूद सरकार की खिल्ली उड़ा रही है और भाजपा मंत्रियों के घोटालों की पुस्तिका का प्रकाशन किया है। भाजपा ने औरंगाबाद मनपा के चुनाव में महापौर पद के लिए शिवसेना का समर्थन किया था, पर घोटाले की पुस्तिका के प्रकाशन से नाराज भाजपा नेताओं ने नवी मुंबई मनपा के महापौर पद के चुनाव में शिवसेना का समर्थन नहीं करने का संकल्प लिया है।

शिवसेना नवी मुंबई में राकांपा से महापौर पद हथियाने के लिए खींचतान कर रही है और भाजपा के कंधे का सहारा लेकर महापौर पद हथियाना चाहती है पर अब भाजपा ने शिवसेना को धोबिया-पछाड़ देने का मन बनाया है। इसलिए शिवसेना के नगरसेवक विजय चौगुले ने महापौर पद के लिए नामांकन नहीं किया है। केवल चुनाव लड़ने के निमित्त एक नगरसेवक को शिवसेना ने चुनावी मैदान में उतारा है। उल्लेखनीय है कि आगामी नौ नवम्बर को नवी मुंबई के महापौर का चुनाव होना है। 

Related Articles

Back to top button
Close