Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

पश्चिम अफ्रीका के समुद्र से लापता भारतीय मर्चेंट शिप समेत 22 भारतीय छुड़ाए गए

नई दिल्ली, 06 फरवरी (हि.स.)। विदेश मंत्रालय पश्चिम अफ्रीका के समुद्र से लापता हुए भारतीय मर्चेंट शिप और उस पर सवार सभी 22 भारतीय चालक दल को बचाने में कामयाब रहा। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पहले पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजीरिया और बेनिन से लगे समुद्र से लापता हुए भारतीय मर्चेंट शिप को बचा लिया गया है। जहाज पर सवार सभी 22 भारतीय चालक दल सुरक्षित हैं। 

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सोमवार को लापता मर्चेंट शिप ‘मरीन एक्सप्रेस’ और उसके सभी 22 भारतीय चालक दल को बचाने के लिए नाइजीरिया के विदेश मंत्री से बात की थी। स्वराज के बात करने पर नाइजीरिया सरकार ने इस पूरे मामले में पूरी मदद करने का भरोसा दिलाया था। इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निर्देश पर नाइजीरिया और बेनिन देश के संबंधित विभागों से संपर्क साधा गया था। 
पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजीरिया और बेनिन से लगे समुद्र के गिन्नी की खाड़ी इलाके से भारतीय मर्चेंट शिप ‘मरीन एक्सप्रेस’ लापता हो गया था। मुंबई की कारोबारी कंपनी के इस जहाज में 22 कर्मचारी तैनात थे| वे सभी भारतीय हैं। 

Related Articles

Back to top button
Close