Home Sliderदेशनई दिल्ली

प्रधानमंत्री ने दी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई

नई दिल्ली, 27 जुलाई : जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के छठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनको बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने नीतीश के साथ ही बिहार के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले भाजपा नेता सुशील मोदी को भी बधाई दी।

गुरुवार को प्रधानमंत्री ने नीतीश और सुशील मोदी के शपथ ग्रहण के बाद ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि नीतीश कुमार जी और सुशील मोदी जी को बधाई। दोनों नेताओं को बिहार की प्रगति और समृद्धि के लिए एकजुट होकर काम करते हुए देखकर खुशी हो रही है। वहीं, वित्तमंत्री अरुण जेटली ने भी नीतीश और सुशील मोदी को बधाई दी।

वहीं, राजग के घटक दल रालोसपा अध्यक्ष और मानव संसाधन व विकास राज्यमंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने भी नीतीश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है।

इससे पूर्व, बुधवार शाम को नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद मोदी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में जुड़ने के लिए नीतीश कुमार को बहुत-बहुत बधाई। सवा सौ करोड़ नागरिक ईमानदारी का स्वागत और समर्थन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश के, विशेष रूप से बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर भ्रष्टाचार के खिलाफ एक होकर लड़ना, आज देश और समय की मांग है।

राजनाथ सिंह ने  भी दी बधाई 

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी को बधाई दी है। राजनाथ ने गुरुवार को ट्विटर के जरिये दोनों नेताओं को बधाई दी। 

राजनाथ ने कहा, ‘बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नई पारी शुरू करने के लिए श्री नीतीश कुमार को हार्दिक बधाई। पारदर्शिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सराहनीय है।’ राजनाथ ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘बिहार के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए श्री सुशील मोदी जी को बधाई। प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने में उनका सहयोग महत्वपूर्ण होगा।’ 

Related Articles

Back to top button
Close