खबरेराजस्थानराज्य

बना और बाईसा ने राजपुतानी अंदाज में किया कैटवॉक, बिखेरा राजपुताना संस्कृति का जलवा

कोटा, 15 जनवरी (हि.स.)। सिर पर सजी पगड़ी और हाथों में तलवार लिए रैम्प पर कैटवॉक करते राजपूत युवाओं का साथ देने के लिए जब बाईसा रैम्प पर उतरीं तो हर कोई जोश और जुनून से भर उठा। राजपूताना संस्कृति से दुनिया को रूबरू कराने के लिए पहली बार इस तरह के फैशन शो का आयोजन किया गया था। आद्यशक्ति वैलफेयर सोसाईटी की ओर से शनिवार को देवली अरब रोड़ स्थित एक मैरिज गार्डन में एक शाम राजपूती संस्कृति के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

राजपूताना संस्कृति और रिति-रिवाज को दुनिया के सामने लाने के लिए ‘बना’ और ‘बाईसा’ राजपूताना शानोशौकत के साथ रैम्प पर कैटवॉक करते नजऱ आए। बेस, बरी और पोशाकों के साथ पारंपरिक आभूषणों में सजी क्षत्राणियां शाही रंगत को जीवंत कर रही थी। वहीं राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में सजे क्षत्रीय युवकों की शान देखते ही बन रही थी। 

संस्था की संस्थापिका पिताम्बरा राजे ने बताया कि फैशन शो को चार हिस्सों में बांटा गया था। आद्यशक्ति बना राउण्ड में आदित्य विक्रम सिंह प्रथम, दीपेन्द्र सिंह द्वितीय और शुभम सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वहीं आद्यशक्ति बाईसा राउण्ड में कोमल हाड़ा प्रथम, हिमानी हाड़ा द्वितीय और प्रांजल हाड़ा तीसरे स्थान पर रही। आद्यशक्ति शाईनिंग स्टार जोड़ी राउण्ड में भानू प्रताप सिंह और उनकी पत्नी निकिता सिंह ने बाजी मारी। द्वितीय स्थान पर रितिका और यशवर्धन सिंह एवं तृतीय स्थान पर प्रमोद सिंह और मंजू हिना राजावत की जोड़ी रही। आद्यशक्ति मिसेज हाड़ौती क्षत्राणी स्पद्र्धा में राजश्री सोलंकी के आगे सब फीके पड़ गए। वहीं अनुपमा हाड़ा ने दूसरा और कोमल कंवर ने तीसरा स्थान कब्जाने में सफल रहीं। इस दौरान तरूणा तंवर की बनाई गई मधुबनी पेन्टिंग की प्रदर्शनी भी लगाई गई। शाईन इण्डिया फाउण्डेशन की ओर से लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया। संस्था की अध्यक्षा अनिता राजगढ़ ने बताया कि सभी फैशन शो के सभी राउण्ड का फैसला ज्यूरी मेम्बर कीर्ति राठौर, अनिता चौहान, सीमा, विक्रम सिंह चंदेल, अजय पारेख और नीता पारेख ने किया। 

Related Articles

Back to top button
Close