उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

बारिश के कारण संकट में पड़ी आर्मी भर्ती रैली

मेरठ, 30 जून : भारी बारिश ने मेरठ के शताब्दी नगर मैदान में हो रही आर्मी भर्ती रैली को संकट में डाल दिया है। पहले दो दिन की भर्ती बारिश के कारण रद्द की जा चुकी है। अब एक जुलाई को होने वाली भर्ती पर शुक्रवार को मौसम के मिजाज को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा।

बारिश के कारण 29 और 30 जून को होने वाली सेना भर्ती रैली में एजुकेशन हवलदार की भर्ती रद्द हो चुकी है। मैदान में पानी भरने के कारण आर्मी भर्ती निदेशालय ने यह फैसला किया। पहले दो दिन यूपी और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों की एजुकेशन हलवदार पद पर भर्ती होनी थी। भर्ती निदेशक कर्नल रजनीश मेहता ने बताया कि एजुकेशन हवलदार की रद्द हुई भर्ती रैली प्रदेश में आयोजित अगली सेना भर्ती रैली के साथ आयोजित की जाएगी। इसकी तिथि जल्दी ही भारतीय सेना की वेबसाइट के साथ-साथ ईमेल और एसएमएस के जरिए दी जाएगी। एक जुलाई को मेरठ मंडल के छह जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली होगी। इस भर्ती पर शुक्रवार को मौसम के मिजाज को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा।

चल रहे मैदान को सुखाने के प्रयास

सेना की ओर से शताब्दीनगर मैदान में भरे पानी को निकालने और मैदान को सुखाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गीली जगह पर रेत और मिट्टी डाली जा रही है। पानी भरने वाली जगहों को ऊंचा किया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन की मदद मांगी जा रही है।

Related Articles

Back to top button
Close