Home Sliderखबरेबिहारराज्य

बिहार : भोला बाबू का अंतिम संस्कार आज, मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जताया शोक

पटना, सनाउल हक़ चंचल-

निधन : सुबह 9 बजे विधानमंडल परिसर में रखा जायेगा पार्थिव शरीर

पटना : समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री व बिहार राज्य नागरिक परिषद के वरीय उपाध्यक्ष भोला प्रसाद सिंह का सोमवार को निधन हो गया. मंगलवार को राजकीय सम्मान के साथ  दीघा घाट स्थित शिवा घाट पर पूर्वाहन दस बजे उनका अंतिम संस्कार होगा. वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र व एक पुत्री छोड़ गये हैं. 

उनके पुत्र दिवाकर प्रसाद सिंह ने यह जानकारी दी. मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर सुबह नौ बजे विधानमंडल परिसर में रखा जायेगा. वहां विधान परिषद के उप सभापति मो हारुण रशीद की अनुपस्थिति में विधान पार्षद संजय गांधी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. 

इसके अलावा अन्य सदस्यों सहित परिषदकर्मी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. विधान परिषद के उप सभापति मो हारुण रशीद ने शोक संदेश में कहा कि भोला बाबू सक्रिय राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज सेवा, दलित पिछड़ों के जागरण के काम में रूचि लेते थे. प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह ने कहा कि वे गरीबों, वंचितों, पिछड़ों, असहायों के लिए जीवनपर्यंत संघर्षशील रहे.

दिघवारा वाइ एन कॉलेज के डॉ अशोक कुमार सिंह ने कहा कि भोला बाबू के निधन से समाजवादी आंदोलन को गहरा धक्का लगा है. शिक्षा सह विधि मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा व राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव छोटू सिंह और अनिल पाठक, उपेंद्र चौहान ने भी संवेदना व्यक्त की. हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल ने गहरा दुख व्यक्त किया है. ग्रामीण विकास सह संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार व पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोरयादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है.

राज्यपाल ने भोला सिंह के निधन पर जताया शोक

राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने पूर्व मंत्री व राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व उपाध्यक्ष भोला प्रसाद सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. राज्यपाल ने शोक संदेश में कहा है कि भोला प्रसाद सिंह एक प्रखर समाजवादी नेता थे, जिनसे मेरे निकट के संबंध रहे हैं.   

नेताओं ने प्रकट की शोक संवेदनाएं : पटना. समाजवादी नेता व पूर्व मंत्री भोला प्रसाद सिंह के निधन पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष  तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्वमंत्री एवं विधायक तेजप्रताप यादव ,राज्यसभा सांसद श्रीमती मीसा भारती ने भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व उपाध्यक्ष भोला प्रसाद सिंह के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उन्हाेंने कहा कि वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे, जिनसे मेरे निकट के संबंध रहे हैं.  

Related Articles

Back to top button
Close