खबरेबिहारराज्य

बिहार : मुंगेर के चुरंबा में आसिफ के शव पहुंचते ही भड़का आक्रोश,आक्रोशित लोगों ने नन्हें व बंटी के घरों तोड़फोड़ कर लगा दी आग.

पटना, सनाउल हक़ चंचल-28जून : चुरंबा गांव में उस समय तनाव व्याप्त हो गया जब मंगलवार को दिल्ली से इसी गांव के युवक आसिफ का शव वहां पहुंचा। शव पहुंचते ही आक्रोशित लोगों ने उसके दो दोस्त नन्हें व बंटी के घरों में पहले तोड़फोड़ की फिर आग के हवाले कर दिया। लोगों का आरोप था कि दिल्ली में नन्हें व बंटी ने कोल्ड ड्रिंक्स में जहर देकर आसिफ की हत्या कर दी है। खबर फैलते ही पुलिस-प्रशासन दलबल के साथ चुरंबा गांव पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है। एसडीओ डा. कुंदन कुमार ने बताया कि आसिफ की मौत दिल्ली में हुई थी। दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। शव गांव आने पर लोग आक्रोशित हो उठे थे। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। जिला प्रशासन की ओर से आसिफ की मां को विधवा पेंशन के साथ ही मुख्यमंत्री कल्याण योजना के तहत अनुदान दिया जायेगा। दिल्ली में मजदूरी करता था आसिफ: आसिफ डेढ़ साल पूर्व पिता फिरोज के निधन के बाद गांव के ही नन्हें व बंटी के साथ दिल्ली में मजदूरी करता था।

पिता के निधन से आसिफ का परिवार आर्थिक तंगी में था। मां फरीदा बेगम ने नन्हें और बंटी से कर्ज लिया था। कर्ज नहीं लौटाने पर आसिफ से नन्हें व बंटी की पहले कहा सुनी भी हुई थी। परिजनों ने बताया कि इसी आक्रोश में नन्हें और बंटी ने शनिवार को दिल्ली में आसिफ को कोल्ड ड्रिंक्स में जहर मिलाकर उसे पिला दिया जिससे उसकी मौत हो गई। दिल्ली पुलिस से आसिफ के मौत की खबर परिजनों को शनिवार को ही मिल गई थी।

मंगलवार को शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। गांव के लोग आक्रोशित हो उठे और नन्हें व बंटी के घरों में तोड़फोड़ के बाद आग के हवाले के कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गई। एसडीओ डा. कुंदन कुमार, एएसपी अभियान राणा नवीन पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया.

आगे पढ़े : बिहार : पांच वर्षीय बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर उसके साथ अधेड़ ने किया दुष्कर्म

Related Articles

Back to top button
Close