उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

बौद्ध सर्किट पर फ़िल्म निर्माण में जुटी श्रीलंका सरकार, कुशीनगर में हो रही शूटिंग

कुशीनगर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीलंका का पर्यटन विभाग इन दिनों भारतीय बौद्ध सर्किट पर डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म बनाने में जुटा है। फ़िल्म की शूटिंग बुद्ध की निर्वाण स्थली कुशीनगर में हुई। श्रीलंका अपने देश में भारतीय बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फिल्म का निर्माण कर रहा है। श्रीलंकाई दल ने महापरिनिर्वाण मन्दिर परिसर, रामाभार स्तूप, माथाकुंवर मन्दिर परिसर समेत बौद्ध पुरावशेष,थाई वाट,जापानी मन्दिर में शूटिंग की।

श्रीलंका सरकार की योजना इस फ़िल्म को वहां के टीवी चैनलों पर प्रसारित कर श्रीलंकाई श्रद्धालुओं को अधिकाधिक संख्या में भारत जाने के लिए प्रोत्साहित करना है। जापान-श्रीलंका बुद्ध मन्दिर,कुशीनगर के प्रबन्धक भिक्षु अस्सजी महाथेरो ने बताया कि पिछले माह 24 सितम्बर को श्रीलंका के विदेश राज्य मंत्री वसन्था कुशीनगर आए थे। उस दौरान इस योजना पर चर्चा हुई थी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। भारत सरकार बौद्ध परिपथ के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। श्रीलंका में इसका प्रचार -प्रसार पर्यटन विकास के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए बौद्ध परिपथ पर विशेष फ़िल्म बनाई जा रही है। 

फ़िल्म डायरेक्टर अशोक अथाउदाहेट्टी,फोटोग्राफी डायरेक्टर चंदन जयसिंघे,साउंड रिकार्डिस्ट सुजीत परेरा और कैमरा डायरेक्टर मजीत निसानका 15 दिवसीय भारत दौरे पर हैं। टीम श्रावस्ती से कुशीनगर पहुंची है। कुशीनगर में तीन दिनों तक शूटिंग चलेगी। इस दौरान अलग अलग भाग में महापरिनिर्वाण बुद्ध मन्दिर,माथा कुँवर बुद्ध मंदिर, रामाभार स्तूप, हिरण्यवती नदी,कुकुत्था नदी,पावनगर आदि के फिल्मांकन का कार्य पूरा किया जायेगा।

डायरेक्टर अशोक ने बताया कि यह फ़िल्म श्रीलंका में प्रत्येक पूर्णिमा को प्रसारित की जाएगी।इससे श्रीलंकाई श्रद्धालु अधिकाधिक संख्या में भारत जाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।पर्यटन विकास होगा तो दोनों देशों के मध्य प्राचीन काल से चले आ रहे मैत्री सम्बंध और भी प्रगाढ़ होंगे।

Related Articles

Back to top button
Close