उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

भाजपा ने लगातार तीसरी बार महापौर पद पर किया कब्जा, 85 हजार मतों से हुई जीत

कानपुर, 01 दिसम्बर (हि.स.)। विपक्ष के तमाम आरोपों के बाद भी भाजपा महापौर प्रत्याशी प्रमिला पाण्डेय ने करीब 85 हजार मतों से कांग्रेस प्रत्याशी वन्दना मिश्रा को मात दे दी। जिससे एक बार फिर यह साबित हो गया कि भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले कानपुर में पार्टी की अभी भी मजबूत पकड़ है। तो वहीं प्रमिला की जीत के साथ भाजपा ने लगातार तीसरी बार कानपुर महापौर पद पर कब्जा कर लिया। हालांकि इन तीन जीतों से पहले भी पहली बार सरला सिंह ने 1995 में पार्टी को जीत दिलाई थी। 

निकाय चुनाव में 13 मेयर और 1239 पार्षद प्रत्याशियों के वोटों की गिनती शुक्रवार को नौबस्ता गल्लामंडी में सुबह आठ बजे शुरू हुई। ज्यों-ज्यों गिनती का समय बढ़ता गया त्यां-त्यों भाजपा जीत की ओर अग्रसर दिखाई दी। चौथे चरण तक भाजपा मेयर प्रत्याशी प्रमिला पाण्डेय कांग्रेस प्रत्याशी वन्दना मिश्रा से करीब आठ हजार वोटों से आगे रहीं। हालांकि शुरूआत के एक घंटे में आए रूझानों के अनुसार भाजपा मेयर प्रत्याशी प्रमिला पाण्डेय व बसपा प्रत्याशी अर्चना निषाद में कुछ देर के लिए टक्कर देखने को मिली। लेकिन ज्यों ही गिनती आगे के चरणों की शुरू हुई भाजपा मेयर प्रत्याशी लगातार आगे बढ़ती दिखीं। वहीं दूसरे स्थान के लिए कांग्रेस प्रत्याशी वन्दना मिश्रा भी लगी रहीं और यह क्रम अंतिम चरण तक जारी रहा। 

चौथे राउंड की गिनती तक भाजपा प्रत्याशी 35659 मत, कांग्रेस प्रत्याशी 27770 मत, सपा प्रत्याशी माया रतन गुप्ता 12830 मत व चौथे स्थान पर बसपा की अर्चना निषाद 12190 मत पा चुकी थी। पांचवें राउंड की गिनती तक भाजपा प्रत्याशी को 77128 मत, कांग्रेस प्रत्याशी को 54527 मत, सपा प्रत्याशी माया रतन गुप्ता 25264 मत व चौथे स्थान पर बसपा की अर्चना निषाद 18953 मत पा चुकी थी। इसके साथ ही अंतिम परिणाम आने तक भाजपा प्रत्याशी प्रमिला पाण्डेय ने जबरदस्त बढ़त बनाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी वन्दना मिश्रा को करीब 87 हजार मतों से मात दे दी। 

भाजपा प्रत्याशी को 232489 मत, कांग्रेस प्रत्याशी को 147690 मत, सपा प्रत्याशी माया रतन गुप्ता को 70516 मत व बसपा प्रत्याशी अर्चना निषाद को 54364 मतों से ही संतोष करना पड़ा। प्रमिला की जीत के साथ यह साफ हो गया कि कानपुर में भाजपा के गढ़ पर विपक्षियों को सेंध लगाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। भारतीय जनता पार्टी मेयर पद पर चार बार चुनाव जीत चुकी है। जिसमें तीन बार लगातार पार्टी का कब्जा रहा है। जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी ने कहा कि कानपुर की जनता ने एक बार फिर राष्ट्रवादी पार्टी पर विश्वास किया हम उसके आभारी हैं।

Related Articles

Back to top button
Close