उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

महेंद्र पाण्डेय का अखिलेश पर पलटवार, कहा श्वेत पत्र के आइने में देखें अपनी सरकार की तस्वीर

लखनऊ, 23 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेंद्र नाथ पाण्डेय ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह योगी सरकार द्वारा जारी श्वेत पत्र के आइने में अपनी सरकार की तस्वीर देखें। उन्होंने कहा कि हार से हताश अखिलेश यादव प्रदेश की जनता के जनादेश का अपमान कर रहे हैं। 

डा0 पाण्डेय ने शनिवार को यहां कहा कि प्रचंड बहुमत से बनी योगी सरकार को झूठों की सरकार बताकर सपा मुखिया जनादेश का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी है कि जनादेश का माखौल उड़ाने की बजाए वह पहले अपने परिवार के कलह को निपटाएं। 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रदेश की जनता ने देखा है कि किस तरह से अखिलेश यादव की अगुवाई में प्रदेश में लूट हुई। इसीलिए जनआंकाक्षाओं का सम्मान करते हुए योगी सरकार श्वेत पत्र लेकर आई है। 

श्री पाण्डेय ने दावा किया कि पिछले छह महीनों में ही योगी आदित्यनाथ की सरकार ने विकास के रास्ते पर वो काम कर दिखाए हैं जो अखिलेश की सरकार पांच सालों में नहीं कर पाई। उन्होंने कहा, ‘दरअसल अखिलेश की सरकार ने काम के बजाए भ्रष्टाचार के कारनामे किए और अब जब योगी सरकार उन कारनामों की जांच करा रही है तो अखिलेश बौखला कर जनादेश का अपमान कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि गुंडों और भ्रष्चारियों को संरक्षण देने वालों से हमारी सरकार को सर्टीफिकेट नहीं चाहिए।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने आधे अधूरे एक्सप्रेस-वे और मेट्रो प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया था। लोग पूछते रहे कि मेट्रो कहां चल रही है, मेट्रो का टिकट कहां मिलेगा, लेकिन अखिलेश की सरकार झूठ पर झूठ बोलती रही। अब जाकर योगी सरकार ने जब असल में मेट्रो चलाई है तब जनता को उसका फायदा मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश की सरकार में किसान पाई पाई के लिए मोहताज था, खुदकुशी के लिए मजबूर था। अब कर्जमाफी ने किसान को आर्थिक तौर पर मजबूत किया है। ऐसे में अखिलेश यादव किसानों की तरक्की और उनकी आर्थिक प्रगति को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश की सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी थी। अपराधियों का बोलबाला था। पुलिस पर हमले होते थे। पर योगी सरकार में पिछले छह महीने के दौरान ही अपराधियों के खिलाफ तगड़ी कार्रवाई हुई है और कानून व्यवस्था बेहतर हुई है। नोटबंदी को लेकर प्रदेश और देश की जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। जनता इस फैसले के साथ खड़ी हुई है पर अखिलेश की समाजवादी पार्टी नोटबंदी से इसलिए परेशान है क्योंकि भ्रष्टाचार में डूबे उनके नेताओं को नोटबंदी से करारा झटका लगा है।

डा0 पाण्डेय ने आगे कहा कि प्रदेश की जनता ने सपा सरकार का भ्रष्टाचार और गुंडाराज देखा है। इसीलिए पार्टी का जनाधार पूरी तरह खत्म हो चुका है। अखिलेश यादव पहले अपनी पार्टी की सरकार में जनता के साथ हुए अन्याय के लिए प्रायश्चित करें उसके बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कामों की समीक्षा करें। प्रदेश की जनता सपा सरकार के कुकर्मों को भूली नहीं है।

Related Articles

Back to top button
Close