Home Sliderदेशनई दिल्ली

मुंबई में आफत की बरसात से थम गई रफ्तार

मुंबई, 20 सितम्बर :  मुंबई सहित महाराष्ट्र में मंगलवार से शुरू मूसलाधार बरसात ने लोगों की रोजमर्रा की रफ्तार को रोक दिया है। मुंबई में निचले क्षेत्रों में जहां पानी भर गया है, वहीं मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें आधा-पौना घंटा देरी से चल रही हैं। लोकल ट्रेनों के साथ ही 11 मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों को रद्द कर दिया गया है। कई मेल-एक्सप्रेस गाड़ियां पांच से छह घंटे देरी से चल रही हैंं।

नालासोपारा में तो एक युवक बाइक सहित पानी में बह गया| उसका शव एक तालाब से बरामद हुआ है। सरकार और मुंबई महानगर पालिका ने बहुत जरूरी न होने पर घर से न निकलने की सलाह दी है| राज्य के शिक्षा मंत्री ने मुंबई के स्कूल- कॉलेज अगले आदेश तक बंद करने को कहा है| लगातार हो रही बारिस के कारण महानगर की टिफिन सेवा भी आज दिन में नहीं शुरू हो पाई| किसी तरह दफ्तर पहुंचे लोगों को भूखे रहना पड़ा| मुंबई तट पर 12 बजे के बाद हाई टाइड का पूर्वानुमान जताया जा रहा है| लिहाजा मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी जारी की गई है| बरसात के कारण न सिर्फ रेल, बल्कि सड़क और हवाई सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ा है| मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट का एक विमान लैडिंग के वक्त रनवे से फिसल गया, जिसके बाद एयरपोर्ट पर परिचालन रोक दिया गया है| 50 से ज्यादा विमानों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है| इन विमानों को दिल्ली के अलावा बेंगलुरु, हैदराबाद और गोवा भेजा जा रहा है| कई अंतर्रराष्ट्रीय उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं| 

गौरतलब है कि मुंबई में मंगलवार की दोपहर से शुरु हुई मूसलाधार बरसात ने मुंबई उपनगर व आसपास के क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले लिया। पनवेल से सीएसटी आने वाली लोकल पौना घंटा देरी से चल रही है तो चेंबूर से सीएसटी आने वाली लोकल को बरसात की वजह से रद्द कर दिया गया है। मध्य रेलवे की उपनगरीय लोकल आधा घंटा देरी से चल रही है। मनमाड से से मुंबई की ओर आने वाली गोदावरी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। उल्हासनगर में बहने वाली वालधुनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी का बहाव तीव्र गति से हो रहा है तो उल्हासनगर कैंप पांच में रास्तों पर पानी भर गया है।

अजनाला सेक्टर में बीएसएफ ने दो पाकिस्तानी घुसपैठिए किए ढेर

पश्चिम रेलवे की चर्चगेट से विरार की ओर चलने वाली ट्रेनें भी आधा घंटा देरी से चल रही हैं। पालघर जिले के नालासोपारा शहर में तो इस कदर बरसात हुई कि पानी के बहाव में एक युवक मोटरसाइकिल के साथ बह गया| उसका शव एक तालाब से मिला है। नालासोपारा में कारशेड के समीप रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण राजधानी एक्सप्रेस और गरीब रथ दो घंटे देरी से चल रही है तो सौराष्ट्र एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। इसी तरह कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें पांच से छह घंटे देरी से चल रही हैं। वसई का एवरशाइन रोड पानी में डूब गया है| रिक्शा के साथ ही एसटी बसें भी बंद हो गई हैं। मुंबई व आसपास के क्षेत्रों में स्कूलों में छुट्टी दे दी गई है। विरार में घुटनों तक पानी भरा हुआ है| यही हाल दादर, परेल, सायन, कुर्ला और चेंबूर का भी है।

इस्टर्न फ्री वे और वेस्टर्न फ्री वे पर यातायात धीमा है। हाजीअली जंक्शन, पेडर रोड, बांद्रा-वरली सी लिंक पर यातायात धीमी गति से चल रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बहुत जरूरत होने पर ही घरों से निकलें। मालाड में तो सड़क पर इतना पानी भर गया है कि बस के पहिए तक नहीं दिखाई दे रहे हैं। सायन ब्रिज को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। जेवीएलआर नजास डिपो में पानी भर गया है। बांद्रा लिंकिंग रोड पर जल जमाव होने से वाहनों की गति धीमी है। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे तक मूसलाधार बरसात होने की चेतावनी दी है| प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में सुरक्षित रहें, बहुत जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें। (हि.स.)।

Related Articles

Back to top button
Close