खबरेमध्यप्रदेशराज्य

राजनाथ सिंह : देश-दुनिया में नर्मदा सेवा यात्रा बनेगी मील का पत्थर

मण्डला, 25 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को देर शाम मण्डला पहुंचे और नमामि देवी नर्मदा सेवा यात्रा में शामिल हुए। मण्डला के महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा मध्य प्रदेश सरकार की ऐसी पहल है, जिसने समूचे विश्व का ध्यान केन्द्रित किया। यह यात्रा जनचेतना के लिए अब तक किए गए सभी अभियानों में मील का पत्थर साबित होगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि यात्रा का सराहनीय पक्ष यह है कि इसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सरोकार की भी चिंता की गई है। नमामि गंगे अभियान का उल्लेख करते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश की सभी नदियों को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है, जिसके लिए 20 हजार करोड़ का प्रावधान किया जा रहा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा को व्यापक जन समर्थन प्राप्त हो रहा है जिसे बेहतर भविष्य के संकेत के रूप में स्वीकार किया जा सकता है।

कृषि मंत्री ने की देहदान की घोषणा

यात्रा के दौरान जन सामान्य को जल संरक्षण, मृदा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण आदि विषयों पर जानकारी देते हुए इनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाता है। इस अवसर पर मण्डला जिले के प्रभारी मंत्री संजय पाठक, म.प्र. आदिवासी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष शिवराज शाह, गौ संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद, साध्वी प्रज्ञा भारती, संत अतुल कृष्ण जी महाराज, म.प्र. पाठ्य पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष अवधेश नायक, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्पतिया उइके, विधायक निवास रामप्यारे कुलस्ते, विधायक बिछिया पंडित सिंह धुर्वे आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कन्या पूजन से प्रारंभ हुये इस कार्यक्रम में उपस्थित समुदाय को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

Related Articles

Back to top button
Close