खबरेमहाराष्ट्रमुंबईराज्य

रेती माफियाओं पर पुलिस की नकेल , आरटीओ ने वसूला 16.50 लाख जुर्माना

मुंबई, 20 मई = नाशिक जिले के सटाणा शहर में बड़े-बड़े डंपर से डंके की चोट पर रेती की तस्करी करने वाले रेती माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए सटाणा व जायखेड़ा पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत ओवरलोड और बगैर अनुमति रेती ढोने वाले 11 डंपर को पुलिस ने पकड़कर कार्रवाई की है। वहीं इस मामले में आरटीओ विभाग ने 16 लाख 50 हजार रुपए जूर्माना वसूल किया है। हालांकि राजस्व विभाग द्वारा इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से उस पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, फरवरी माह से तापी नदी से डंके की चोट पर गैरकानूनी तरीके से रेती निकालकर उसे ओवरलोड करके रेती माफियाओं द्वारा ढोया जा रहा है। इससे जहां सरकार के राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस ओर राजस्व और आरटीओ विभाग द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने का मामला सामने आ रहा था। इस पर पुलिस प्रशासन ने रेती माफियाओं पर शिकंजा कसने का अभियान छेड़ दिया। जायखेड़ा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक विजयकुमार ठाकुरवाड़, सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश गुरव, सटाणा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक बशीर शेख आदि ने अपने दल-बल के साथ रेती माफियाओं पर विशेष अभियान के तहत कार्रवाई शुरू करते हुए एक ही रात में 11 रेती से भरे हुए डंपर पकड़े, जिसमें आरटीओ द्वारा निश्चित की गई क्षमता से दोगुनी रेती थी। ग्यारह में से एक डंपर चालक के पास तो अधिकृत रॉयल्टी रसीद थी।

पुलिस ने आरटीओ विभाग के अधिकारियों को बुलाया और इसके बाद सभी डंपर ओवरलोड होने की बात स्पष्ट हुई। आरटीओ ने सभी 11 डंपर चालकों से, प्रत्येक से डेड़ लाख रुपए जुर्माना अदा करने का बिल थमा दिया। इस कार्रवाई से रेती तस्करों में खलबली मच गई है। इसी क्रम में राजस्व विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से उसके इस कार्य में मिलीभगत होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
Close