खबरेमध्यप्रदेशराज्य

लोकसभा स्पीकर ने दिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के काम में तेजी लाने के निर्देश

इंदौर, 24 अप्रैल (हि.स.)। क्षेत्रीय सांसद एवं लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन की अध्यक्षता में सोमवार शाम को एआईसीटीएसएल सभाकक्ष में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और नगर विकास के संबंध में बैठक की। जिसमें उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के काम में तेजी लाए तथा आगामी वर्षा से पूर्व जमीन के अन्दर केबल बिछाने अर्थात् डक्ट का काम पूरा करें। जिससे बारिश में काम करने में कोई बाधा उत्पन्न न हो। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट इंदौर नगर के हृदय स्थल में चलाया जा रहा है। इस हृदय स्थल का संबंध इंदौर शहर की अधिकांश जनता से जुड़ा हुआ मामला है, इसलिए इस काम को समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। इसके बाद अन्य क्षेत्रों को चुना जायेगा।

महाजन ने कहा कि भारत सरकार की स्मार्ट सिटी गाइडलाइन के अनुसार इंदौर का विकास होना जरूरी है। इंदौर शहर एक ऐतिहासिक शहर है और इसका विकास शीघ्र-अतिशीघ्र होना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा समय-समय पर इंदौर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की समीक्षा की जा रही है। इसके अलावा भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के लिए पांच साल में पांच किश्तों में आवश्यक बजट प्रदान किया जायेगा। इंदौर नगर निगम को प्रथम किश्त प्राप्त हो गई है।

महाजन ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंदौर नगर निगम द्वारा जहां एक ओर राजवाड़ा, छत्रीबाग की छत्रियों, गोपाल मंदिर आदि का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर राजवाड़ा क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के लिये मार्ग बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि राजवाड़ा, सराफा, गोपाल मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र को नो-वेहिकल जोन बनाया जाये। राजवाड़े के आसपास 742 एकड़ क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये खर्च करके स्मार्ट सिटी विकसित की जायेगी। सड़कों का चौड़ीकरण किया जायेगा। बिजली की भूमिगत लाइन बिछाई जायेगी। उन्होंने इसके अलावा महू नाका से टोरी कॉर्नर तक 30 जून तक काम पूरा करने के निर्देश दिये।

केन्द्रीय गृहमंत्री मां नर्मदा की महाआरती में शामिल हुए

महाजन ने अधिकारियों से कहा कि राजवाड़ा, गोपाल मंदिर और छत्रीबाग की छत्रियों का काम तेजी से पूरा किया जाये। उन्होंने कहा कि नगर में वाहनों की संख्या को देखते हुए मल्टीपार्किंग सिस्टम लागू किया जाये तथा जनता और व्यापारियों को पार्किंग के लिये स्मार्ट कार्ड दिये जायें। उन्होंने सीपी शेखर नगर, खान शुद्धिकरण और इतवारिया हाट के विकास के भी निर्देश दिये।

कलेक्टर पी. नरहरि ने कहा कि जिला प्रशासन इंदौर शहर के कायाकल्प के लिए कृत संकल्पित है। आने वाले पांच साल में इंदौर शहर का नक्शा बदला हुआ दिखाई देगा। केन्द्र और राज्य शासन के सहयोग से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत तेजी से काम चल रहा है। पूरे देश में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चयनित 20 नगरों में इंदौर नगर में सबसे ज्यादा तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी विशेष कार्य किया जायेगा। इसके अलावा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विद्युत वितरण कंपनी की पुरानी लाइन और ट्रांसफार्मर भी बदले जायेंगे। जिससे विद्युत वितरण कंपनी को परोक्ष रूप से बहुत लाभ होगा तथा बिजली का लाइन लॉस कम होगा।

Related Articles

Back to top button
Close