Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

सऊदी अरब की पहली राजनयिक यात्रा पर सुषमा स्वराज

नई दिल्ली, 06 फरवरी (हि.स.)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपनी पहली सऊदी अरब की राजनयिक यात्रा पर मंगलवार सुबह निकली है। स्वराज तीन दिन की यात्रा पर हैं, जिसमें वे सऊदी अरब नेतृत्व से मुलाकात करेंगी और वहां हो रहे राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘जनाद्रियाह’ में हिस्सा लेंगी। इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अप्रैल, 2016 को सऊदी अरब यात्रा पर गए थे। 

विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की तीन दिन की सऊदी अरब की राजनयिक यात्रा 6 फरवरी से 8 फरवरी तक होगी। अपनी इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री भारत-सऊदी अरब के द्विपक्षीय संबंधों को लेकर सऊदी अरब नेतृत्व से बात करेंगी। इसके अलावा दोनों पक्ष वैश्विक स्तर पर आपसी सहमति के मुद्दों पर एक-दूसरे के समर्थन की संभावनाओं पर भी विचार करेंगे। 

सऊदी नेतृत्व से मुलाकात के अलावा सुषमा स्वराज सऊदी अरब में होने वाले विश्व विख्यात ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उत्सव ‘जनाद्रियाह’ में हिस्सा लेंगी। इस बार सऊदी अरब ने भारत को इस समारोह का मुख्य अतिथि बनाया है। 

सऊदी अरब के साथ भारत के संबंध राजनीतिक, राजनयिक और कारोबारी स्तर पर बहुत प्रगाढ़ है। सऊदी अरब भारत का चौथा सबसे बड़ा कारोबारी सहयोगी है। दोनों देशों के बीच साल 2016-17 में 1 लाख 62 हजार 500 करोड़ रूपये का व्यापार हुआ है। सऊदी अरब भारत का कच्चे तेल के सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। भारत अपने पेट्रोलियम जरूरतों को 20 फीसदी सऊदी अरब से आयात करता है। 

Related Articles

Back to top button
Close