Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

सऊदी विदेश मंत्री से मिली सुषमा स्वराज, ‘जनाद्रियाह’ में बनीं मुख्य अतिथि

नई दिल्ली, 07 फरवरी (हि.स.)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल जुबैर से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-सऊदी अरब द्विपक्षीय संबंधों को लेकर विस्तार से बात की। इसके अलावा स्वराज ने सऊदी अरब के विश्वविख्यात सांस्कृतिक उत्सव ‘जनाद्रियाह’ में शिरकत की। इस साल भारत इस उत्सव का मुख्य अतिथि देश बनाया गया है। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सऊदी अरब की अपनी दिन दिवसीय आधिकारिक राजनायिक यात्रा के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सऊदी अरब सरकार का भारत को ‘जनाद्रियाह’ सांस्कृतिक उत्सव में मुख्य अतिथि देश बनाए जाने पर शुक्रिया अदा किया। स्वराज ने कहा कि भारत इस सम्मान के लिए अपने मित्र देश सऊदी अरब का आभारी है। सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल जुबैर से अपनी मुलाकात के दौरान स्वराज ने भारत-सऊदी अरब द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देने के प्रयासों पर बात की। साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश, ऊर्जा, रक्षा एवं सामरिक मुद्दों, संस्कृति एवं जन से जन का संपर्क जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से बात की। दोनों मंत्रियों ने एशियाई एवं वैश्विक हालातों पर चर्चा करते हुए एक-दूसरे को सहयोग देने पर भी बात की है। 

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपनी पहली सऊदी अरब की राजनयिक यात्रा पर मंगलवार सुबह निकली हैं। स्वराज तीन दिन की यात्रा पर हैं। इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अप्रैल, 2016 को सऊदी अरब यात्रा पर गए थे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की तीन दिन की सऊदी अरब की राजनयिक यात्रा 6 फरवरी से 8 फरवरी तक होगी। 

सऊदी अरब के साथ भारत के संबंध राजनीतिक, राजनयिक और कारोबारी स्तर पर बहुत प्रगाढ़ है। सऊदी अरब भारत का चौथा सबसे बड़ा कारोबारी सहयोगी है। दोनों देशों के बीच साल 2016-17 में 1 लाख 62 हजार 500 करोड़ रूपये का व्यापार हुआ है। सऊदी अरब भारत का कच्चे तेल के सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। भारत अपने पेट्रोलियम जरूरतों को 20 फीसदी सऊदी अरब से आयात करता है। सऊदी अरब में 32 लाख से ज्यादा भारतीय रह रहे हैं, जो सऊदी अरब में किसी भी देश के लोगों की सबसे ज्यादा जनसंख्या है। 

Related Articles

Back to top button
Close