उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

सपा ने सांसद मुरली मनोहर जोशी का फूंका पुतला

कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। जनपद में बढ़ते अपराध, बारिश में गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कें और चरमराई बिजली व्यवस्था पर समाजवादी पार्टी ने शनिवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी के लापता होने का आरोप लगाते हुए उनका पुतला दहन किया।

जिले की शहर लोकसभा सीट से सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी के लापता होने का मामला एक बार फिर से उठा है। सूबे की विपक्षी पार्टी सपा की जिला इकाई ने भाजपा सांसद पर शहर की जनता से सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। नगर अध्यक्ष मोईन खान ने कहा कि मौजूदा समय में जनपद में अपराधों पर लगाम लगाने में पुलिस नाकाम है। जनता टूटी सड़कों व जलभराव में फंसकर चोटिल हो रही है। बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से चौपट हो चुकी है, लेकिन हमारे सांसद के पास शहर की जनता की समस्या सुनने का समय ही नहीं है। 

नगर अध्यक्ष मोईन खान के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने सांसद व सरकार विरोधी नारे लगाते हुए डॉ. जोशी का पुतला नवीन मार्केट में घुमाया। पुतला घुमाने के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सांसद व सरकार विरोधी मुर्दाबाद के नारे लगाये। वहीं सांसद जोशी का पुतला दहन किये जाने की जानकारी पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच कार्यकर्ताओं ने शिक्षक पार्क के पास उसमें आग लगा दी। पुतले की आगे में कुछ सपाई झुलस भी गये। 

नगर अध्यक्ष ने कहा कि जनता समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन भाजपा सांसद को उन्हें दूर करना तो छोड़ो यहां के लोगों से मिलने का भी समय नहीं है। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सौतले व्यवहार को लेकर जनता भाजपा को वोट न देकर सबक सीखाने का काम करेगी। 

Related Articles

Back to top button
Close