Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

सरोजिनी नायडू की जयंती पर संसद भवन में अर्पित किए श्रद्धासुमन

नई दिल्ली, 13 फरवरी (हि.स.)। मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी और कवियित्री सरोजिनी नायडू की जयंती पर भारत की संसद ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष में लगाए गए सरोजिनी नायडू के चित्र पर पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में प्रमुख थे। उनके साथ संसदीय कार्य तथा सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्यमंत्री विजय गोयल सहित अनेक सांसदों व पूर्व सांसदों ने सरोजिनी नायडू के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

लोकसभा की महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव और राज्यसभा के महासचिव देश दीपक वर्मा ने भी सरोजिनी नायडू को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले विशिष्टजनों को लोकसभा सचिवालय द्वारा हिन्दी और अंग्रेजी में प्रकाशित सरोजिनी नायडू के जीवनवृत्त वाली पुस्तिका भेंट की गई ।

उल्लेखनीय है कि भारत कोकिला नाम से विख्यात सरोजिनी नायडू का जन्म 13 फरवरी 1879 को हुआ था। वे एक महान कवियित्री थीं। महात्मा गांधी के संपर्क में आकर वे आजादी के आंदोलन से जुड़ गईं। वे 1925 में कांग्रेस के कानपुर अधिवेशन में कांग्रेस की अध्यक्ष भी चुनी गईं। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद वे उत्तर प्रदेश के पहले राज्यपाल के रूप में नियुक्त की गईं।

Related Articles

Back to top button
Close