उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

सर्दी ने बढ़ाई वोटरों की सुस्ती, 12 बजे तक 24 प्रतिशत मतदान

मेरठ, 22 नवम्बर (हि.स.)। नगर निकाय चुनावों के पहले चरण के चुनावों में बुधवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। सुबह की सर्दी का असर मतदान पर भी दिखाई दिया। सुबह वोटरों की घरों से निकलने की गति कम रही, जो दोपहर होते-होते बढ़ गई। दोपहर 12 बजे तक 24 प्रतिशत मतदान हुआ।

बुधवार को नगर निगम चुनाव के शुरूआती दौर में वोटरों की उदासीनता के चलते दोपहर 12 बजे तक मात्र 24 प्रतिशत पोलिंग हुई है। इसके पीछे हल्की ठंड भी एक कारण रही। सुबह मतदान केंद्र खाली दिखाई दिए, जो दोपहर होते-होते वोटरों से गुलजार होते गए। जबकि 11 बजे तक केवल 12 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। नगर निगम के वार्ड 88 में पार्षद प्रत्याशी दीवान जी शरीफ पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिस पर एसओ ने प्रत्याशी को हड़काते हुए मौके से भगाया। वार्ड 27 के 311 नंबर बूथ पर बीएलओ के न पहुंचने से गुस्साए लोगों ने हंगामा किया तो अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वोटिंग सुचारू कराई। किदवई नगर में एक के बाद एक आधा दर्जन ईवीएम मशीन खराब होने के चलते काफी देर तक मतदान प्रभावित रहा, जिसके चलते लोगों ने हंगामा किया। ब्रह्मपुरी में भी ईवीएम मशीन खराब होने के चलते काफी देर मतदान प्रभावित रहा। वहीं वार्ड 1 नई बस्ती में दो बूथों पर मशीन खराब होने के चलते करीब डेढ़ घंटे तक मतदान बंद रहा। रशीदनगर में ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत पर आईजी रामकुमार और कमिश्नर डाॅ. प्रभात कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने खराब मशीनों को तत्काल बदलवाते हुए मतदान को सुचारू कराया। वहीं कई स्थानों पर हुए हंगामे के दौरान दोपहर बाद तक पांच पोलिंग एजेंट सहित 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सांसद ने डाला वोट

सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने नगर निगम वार्ड 4 में गुरू हरिकिशन पब्लिक स्कूल में अपना मतदान किया। इस दौरान बूथ के बाहर खड़े लोगों ने वहां लगे हुए भाजपा के होर्डिंग लगाने का विरोध किया। लोगों ने होर्डिंग को हटाने की मांग की। सरधना में भाजपा व सपा के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद छिड गया। जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेने के बाद थाने से छोड़ दिया।

Related Articles

Back to top button
Close