खबरेदेश

सुषमा की पहल पर स्वदेश आएगा गोपाल राम का शव

नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (हि.स.)। जापान के टोक्यो में दिल की धड़कन रुक जाने से एक भारतीय की हुई मौत के बाद उसके शव को स्वदेश लाने के लिए परेशान परिजनों को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की तरफ से बड़ी राहत मिली है। गोपाल राम की दो हफ्ते पहले मौत हो गई थी। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिक गोपाल राम के शव को भारत वापस लाने का आश्वासन दिया है। दरअसल जापान के टोक्यो में दिल की धड़कन रुक जाने से गोपाल राम की दो हफ्ते पहले मौत हो गई थी।

गोपाल राम के परिवार की माली हालत ठीक न होने की वजह से उनके शव को भारत लाने में परेशानी हो रही थी। परिवार ने सरकार से गुहार लगाई तो विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि शव को लाने का पूरा खर्चा सरकार उठाएगी। सुषमा ने ट्वीट कर कहा, ‘हम मृतक के शव को वापस लाने का पूरा खर्च उठाएंगे और वह भी बिना किसी देरी के।’ सुषमा ने एक और ट्वीट कर कहा कि, गोपाल राम का शव 24 दिसम्बर की देर रात तक स्वदेश आ जाएगा।

गौरतलब है कि एक समाचार पत्र में गोपाल राम के परिवार के हवाले से एक खबर छपी थी कि उनके पास शव को भारत लाने के लिए पैसे नहीं हैं, जिस पर सुषमा ने प्रतिक्रिया स्वरूप मदद का आश्वासन दिया। पेशे से रसोइया गोपाल राम सितम्बर 2015 में टोक्यो गया था, लेकिन 10 दिसम्बर 2016 को उसका जापान में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

मृतक की पत्नी ने कहा कि उसने एक कमरा किराये पर दिया हुआ है, जिससे उसे महीने में लगभग 3,000 रुपये मिलते हैं और उनकी एक मात्र कमाई का जरिया है। उसके तीन बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि हम जापान से शव को भारत मंगाने का खर्च वहन नहीं कर सकते।

Related Articles

Back to top button
Close