उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

स्वच्छ होंगे थाने, कई सालों से कबाड़ में खड़े वाहन होंगे नीलाम

कानपुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। जनपद के थानों में कई साल से सीज वाहन खस्ता हालत में खड़े हैं। धीरे-धीरे थानों में वाहनों का कबाड़ लगता जा रहा है, अब इनको हटाने की तैयारी कर ली गई है। ऐसे वाहनों को नीलाम कर टैक्स की वसूली की जाएगी, साथ ही थानों को स्वच्छ भी किया जायेगा। संभागीय परिवहन विभाग टैक्सेशन एक्ट का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सूची तैयार कर रहा है। वाहन मालिकों को नोटिस भेजी जा रही है। टैक्स ज्यादा होने पर संपत्ति से वसूली होगी। 

ट्रैफिक के साथ ही परमिट, रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, ओवरलोडिंग नियम का उल्लंघन करने पर संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की ओर से वाहनों को थाने में बंद करा दिया जाता है। वाहन चालक पर जुर्माना भी होता है। फिटनेस, रजिस्ट्रेशन, ओवरलोडिंग, परमिट के मामलों में कई बार जुर्माना काफी अधिक हो जाता है। इतना अधिक की वाहन की री-सेल वैल्यू भी कम रह जाती है। ऐसे में वाहन स्वामी वाहन को थाने से छुड़ाता नहीं है। धीरे-धीरे थानों में वाहनों का कबाड़ लगता जा रहा है। 

अकेले काकादेव थाने में आरटीओ की कार्रवाई से 42 वाहन बंद हैं। इनमें बस, ट्रक और अन्य चार पहिया व्यावसायिक वाहन हैं। आरटीओ का स्टाफ कार्रवाई कर वाहनों को थाने में सीज कराता है। समय के साथ पुलिस स्टेशन में जगह का अभाव हो गया है। अक्सर नए वाहन बंद कराने पर स्टाफ की थानेदारों से नोकझोंक तक हो जाती है। इसी वजह से ई-रिक्शों को शहर के चुनिंदा थानों में ही बंद कराया जाता है। वसूली संभागीय परिवहन विभाग ने टैक्स के लिए वाहन स्वामी की संपत्ति से वसूली की प्लानिंग बनाई है। वाहन की नीलामी से अधिक रुपये मिलने पर वाहन मालिक को रुपये की अदायगी भी की जाएगी। आरटीओ प्रवर्तन राकेश सिंह ने बताया थानों में कई साल से सीज वाहन खड़े हैं। उनके मालिकों को कोई फिक्र नहीं हो रही है। टैक्स की वसूली के लिए वाहनों को नीलाम कराया जाएगा। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के पास रिपोर्ट भेजी जाएगी। उनके निर्देश पर कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button
Close