खबरेमध्यप्रदेशराज्य

हाथीपावा पहाड़ी पर मनाया पर्यटन पर्व, हजारों स्कूली बच्चे हुए शामिल

झाबुआ, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शासन के निर्देश पर मध्यप्रदेश में इन दिनों पर्यटन पर्व मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। झाबुआ जिले के हाथीपावा पहाड़ी पर शनिवार को पर्यटन पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहा आयोजित भव्य कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष सक्सेना, सीईओ जिला पंचायत जमुना भिडे, डीएफओ राजेश खरे, टूरिस्ट मोटल मेनेजर अग्रवाल, महाप्रबंधक उद्योग वीरेन्द्र सिंह इश्किया, डीपीसी प्रजापति सहित शासकीय अधिकारी कर्मचारी, हजारों की संख्या में स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक एवं आमजनों द्वारा सहभागिता की गई। हाथीपावा पहाड़ी पर पर्यटन स्थल को और अधिक विकसित करने के लिए विद्यार्थियो एवं आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए गए। सुझावों पर अमल कर हाथीपावा पहाडी को पर्यटन के लिए और अधिक विकसित किया जाएगा।

हाथीपावा पहाड़ी पर पर्यटन पर्व के अवसर पर स्कूली बच्चों, शासकीय अधिकारी कर्मचारी ने आनंद की अनुभूति की। कुछ स्कूली बच्चे अपने साथ घर से नाश्ता लेकर आए और अपने दोस्तो के साथ शेयर करके सुबह का नाश्ता किया। पहाड़ी पर स्कूली बच्चों ने खूब मौज मस्ती की। व्यापारी संघ की ओर से भी इस आयोजन मे अपना सहयोग प्रदान किया गया। व्यापारी संघ की ओर से अध्यक्ष नीरज राठौर एवं उनके सहयोगियों द्वारा बच्चों के लिए चाय नाश्ते की व्यवस्था की गई एवं स्वयं के द्वारा सर्व भी किया गया। पर्यटन पर्व मनाने के लिए हाथीपावा पहाड़ी पर बच्चो को लाने ले जाने के लिए वाहन व्यवस्था भी की गई।

जिले में गाय गोहरी जनपद पंचायत झाबुआ में 20 अक्टूबर को, देवझिरी पण्डा जनपद पंचायत झाबुआ में 23 अक्टूबर को, बन जनपद पंचायत राणापुर में एवं कोकिन्दा पार्क जनपद पंचायत थांदला में 23 अक्टूबर को, चेनपुरा जनपद पंचायत थांदला में 24 अक्टूबर को, शम्भुमाता मंदिर जनपद पंचायत मेघनगर में एवं भाबरा पाडा जनपद पंचायत पेटलावद में 25 अक्टूबर को, श्रृंगेश्वर धाम एवं तारखेडी जनपद पंचायत पेटलावद में 26 अक्टूबर को तथा पीपलखुंटा जनपद पंचायत मेघनगर में 27 अक्टूबर को पर्यटन पर्व आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
Close