खबरेस्पोर्ट्स

हाफ मैराथन : पुरुषों में मनजीत और महिलाओं में ज्योति को मिला खिताब

नई दिल्ली, 17 दिसम्बर (हि.स.)। रोहतक (हरियाणा) के मनजीत ने पुरुषों और मेरठ की ज्योति ने महिलाओं के वर्ग का गाजियबाद रन टू ब्रीथ हाफ मैराथन जीत ली है | गाजियाबाद के वसुंधरा में आयोजित मैराथन में मनजीत और ज्योति ने दूसरे धावकों को पछाड़ते हुए चैंपियन बनने का गौरव पाया | तीसरे हाफ मैराथन का आयोजन रोयोन सामाजिक संस्थान ने किया था | हाफ मैराथन में हरियाणा, बिहार, पंजाब, उत्तर प्रदेश, झारखंड के हजारों धावकों ने हिस्सा लिया | कई उम्रदराज धावकों ने भी उत्साह के साथ मैराथन में हिस्सा लिया | सत्तर साल के धावक गिरीराज ने हाफ मैराथान में हिस्सा लेकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया और दौड़ भी सफलतापूर्वक पूरी की | 

मनजीत ने 1 घंटा 12.09 मिनट का समय निकाला और मैराथन जीती | अनुज कुमार ने 1 घंटा 13. 20 मिनट का समय निकाला और दूसरे स्थान पर रहे जबकि जसवीर सिंह ने एक घंटा 17.15 मिनट का समय निकाल तीसरे स्थान पर रहे | सभी विजेताओं को कप और इनामी राशि भी दी गयी | सभी वर्गों में चैम्पियन हुए विजेताओं को एटलस की साईकिल भी प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में दिया गया |

महिला वर्ग में मेरठ की ज्योति ने एक घंटा 34.05 मिनट का समय निकाल कर हाफ मैराथन चैंपियन बनीं | नीतू 2 घंटा 07.07 मिनट लेकर दूसरे और निशा यादव 2 घंटा 11.00 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं | हाफ मैराथन को सीआईएसएफ के सहायक कमानडेंट राकेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता डॉली शर्मा, डा. मृणालनी सिंह ने हरी झंडी दिखाई | दिल्ली फुटबाल संघ के अध्यक्ष शाजी प्रभाकरन, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार भाटिया और गाजियाबाद नगर निगम के आयुक्त चंद्रप्रकाश सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार दिए. विजेताओं को नगद पुरस्कार के अलावा ट्राफी, मेडल, सर्टिफिकेट और साइकिल दिए गए |

दस किलोमीटर की दौड़ में विजय ने पुरुष वर्ग का और कीर्ति ने महिला वर्ग का खिताब जीता | विजय ने 36.55 मिनट में यह दुरी तय की | ऋतिक वर्मा (36.59) दूसरे और राहुल (37.45) तीसरे स्थान पर रहे | महिला वर्ग में कीर्ति ने 47.56 मिनट का समय निकाल कर खिताब जीता | महिमा ने 53.17 मिनट के साथ दूसरा और प्रीति ने एक घंटा 01.25 मिनट का समय निकाल कर तीसरा स्थान लिया | 

पांच किलोमीटर की स्पर्धा में पुरुषों का खिताब शुभम ने जीता | मोहित कुमार दूसरे और मनीष चौधरी तीसरे स्थान पर रहे | महिलाओं के वर्ग में नंदनी स्वरूप पहले, नेहा प्रभाकर दूसरे और दिव्या कटारिया तीसरे स्थान पर रहीं | इसके अलावा ढाई किलोमीटर दौड़ व पैदल चाल का आयोजन भी किया गया जिसमें सैकड़ों धावकों ने हिस्सा लिया | सभी धावकों को फिनिशर का मेडल और सर्टिफिकेट दिए गए | 

रोयोने के मलय सौरव ने बताया कि इससे पहले हिमाचल प्रदेश और हल्दीघाटी में हाफ मैराथन का आयोजन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से किया था | कई सामाजिक संगठनों ने रन टू ब्रीथ को सफल बनाने के लिए रोयोन का सहयोग किया | इसके अलावा स्थानीय पार्षदों व नागरिकों ने भी इस आयोजन को लेकर उत्साह दिखाया | हाफ मैराथन का मकसद युवा खेल प्रतिभाओं की तलाश के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पर्यटन को बढ़ावा देना है | आस्क योर ट्रिप्स, मिसाकी, यूटीआई म्युचुअल फंड, स्पर्श, आर्थोशेड, कमल अस्पताल, एलेक्ट्रोबियोन, डेकाथेलान और आईसीआईसीआई प्रुडेनशियल, सिटीअस हॉलीडेज, फार्म विले, गोल्डन ट्यूलिप व एटलस साइकिल मैराथन के साझीदार थे |

Related Articles

Back to top button
Close