उत्तर प्रदेशखबरेराज्य

CM योगी के निरीक्षण से सक्रिय हुआ प्रशासन, रैन बसेरों की सूची लगाने का निर्देश

गोरखपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर स्थित रैन बसेरों की हालत जानने के बाद जिला प्रशासन काफी मुस्तैद है। हर रात रैन बसेरों का निरीक्षण जारी है। मंडलायुक्त ने इनका निरीक्षण करने बाद कहा कि अब स्थिति में काफी सुधार है। बावजूद इसके अभी और अधिक प्रचार-प्रसार करने की जरूरत है। सार्वजनिक स्थलों पर रैन बसेरों की सूची लगाकर जरूरतमंदों को रैन बसेरों तक पहुंचने में मदद की जा सकती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर महोत्सव के दौरान जिले में स्थित रैन बसेरों की हालत का जायजा लिया था। इसके बाद सजग हुए जिला प्रशासन ने इनकी हालत में सुधार का कार्य शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन के दावों की हकीकत को जानने के लिए हर रात रैंडम चेकिंग भी हो रही है। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने भी रात में रेन बसेरों की हालत जानने का प्रयास किया।

निरीक्षण के दौरान रैन बसेरों में कम लोगों को देखकर मंडलायुक्त ने इसे निराशाजनक स्थिति बताया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों का रैन बसेरों में कम ठहराना प्रशासनिक नाकामी को दर्शाने वाला है। इससे स्पष्ट है कि लोगों को रेन बसेरों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसलिए जिम्मेदार चेत जायँ और रैन बसेरों के बारे में लोगों को बताया जाना जरूरी है। 
मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश सिंह को रेलवे, बस अड्डा आदि सार्वजनिक स्थलों पर रैन बसेरो की सूची का होल्डिंग लगवाने का निर्देश दिया है।

यहां स्थित हैं रैन बसेरा

शहर में 7 स्थाई और 3 अस्थाई रैन बसेरा संचालित है। इनमे कचहरी बस अड्डा, मेडिकल कालेज, ट्रान्सपोर्ट नगर, धर्मशाला बाजार, रेलवे स्टेशन के पास, गोरखनाथ झुलेलाल मन्दिर के पास, मोहरीपुर पंचायत भवन में स्थाई तथा रेलवे बस स्टेशन, हांसुपुर, शिवपुर और सहबाजगंज में अस्थाई रैन बसेरा संचालित हैं।

Related Articles

Back to top button
Close