Home Sliderखबरेदेशनई दिल्लीराज्य

लॉकडाउन-4 : केजरीवाल ने की कई रियायतों की घोषणा, दिल्ली में ऑड-ईवन की तर्ज पर दुकानें खुलेंगी

नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन के चौथे चरण में सोमवार को कई रियायतों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में ऑड-ईवन की तर्ज पर सभी दुकानें खुलेंगी।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के साथ दिल्ली में कई सेवाओं को शुरू करने की इजाजत होगी। दिल्ली में रेस्टोरेंट खोले जाएंगे। स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स खोले जाएंगे, लेकिन दर्शकों की इजाजत नहीं होगी। ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, साइकिल रिक्शा (एक यात्री) के साथ, टैक्सी, कैब- 2 यात्री के साथ, ग्रामीण सेवा, फटफट सेवा- दो यात्री, आरटीवी में ज्यादा से ज्यादा 11 यात्री, बसों में अधिकतम 20 यात्रियों की इजाजत होगी। बस में हर यात्री की स्क्रीनिंग होगी, फोर व्हीलर-2 यात्री, 2 व्हीलर-1 यात्री और सभी बाजार खोले जाएंगे।

मेट्रो नहीं चलेगी, कॉलेज-स्कूल बंद रहेंगे, होटल बंद रहेंगे, सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, बार, ऑडिटोरिम बंद रहेंगे। किसी भी तरह के बड़े सांस्कृतिक, राजनीतिक या धार्मिक समारोह के आयोजन की इजाजत नहीं होगी।

केजरीवाल ने बताया कि शाम 7 से सुबह 7 तक घर से निकलने पर पाबंदी रहेगी। 65 साल के ऊपर की उम्र के लोग, प्रेग्नेंट महिलाओं को घर में रहना होगा, सैलून को बंद रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के अंदर अभी तक कोरोना के 10,054 केस हुए हैं। इसमें से 4485 लोग ठीक हो चुके हैं। 160 लोगों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों की तुलना में दिल्ली में मृत्यु दर कम है। हमारी कोशिश है कि एक-एक जान बचाई जाए। उन्होंने कहा कि जब तक कोरोना की दवा तैयार नहीं हो जाती तब तक कोरोना कही जाने वाला नहीं है। हमें कोरोना के साथ जीने की आदत डालनी होगी।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close