Home Sliderखबरेदेशराज्य

पार्टी से गद्दारी करने वाले लोग जनता के बीच में जाकर मुंह नहीं दिखा पाएंगे- गहलोत

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि सत्य ही ईश्वर है, ईश्वर ही सत्य है और सत्य हमारे साथ है, इसलिए हर हाल में जीत हमारी होगी, सत्य की होगी। गहलोत मंगलवार को होटल फेयरमोंट में कांग्रेस विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जो लोग लुका छुपी का खेल खेल रहे हैं, वह सत्य पर नहीं हो सकते क्योंकि सत्य कभी छुपता नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी से गद्दारी करने वाले लोग जनता के बीच में जाकर मुंह नहीं दिखा पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि आज मुल्क में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है लेकिन राजस्थान के कांग्रेस विधायक पूरी दृढ़ता से प्रदेश में लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। जो सत्य की विजय होने तक जारी रहेगी। गहलोत ने पूरी दृढ़ता से कहा कि उनकी सरकार पूरी तरह से स्थिर और मजबूत है जो 5 सालों तक राज्य की जनता की सेवा करते रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना के खिलाफ जोरदार तरीके से लड़ाई लड़ रही है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे नेता एवं कुछ विधायक भाजपा के साथ मिलकर सरकार गिराने का षडयंत्र कर रहे हैं जो असहनीय एवं निंदनीय है।

मुख्यमंत्री ने निर्दलीय, बीटीपी एवं आरएलडी के विधायकों को भी धन्यवाद दिया जो सरकार चलाने एवं इस संग्राम में कांग्रेस का सहयोग कर रहे हैं। गहलोत ने विश्वास व्यक्त किया कि सीपीएम पार्टी भी हर हाल में कांग्रेस का समर्थन करेगी।

बैठक में उपस्थित विधायकों ने पूरी पूरे जोश एवं एकजुटता के साथ मुख्यमंत्री गहलोत विश्वास दिलाया है कि सत्य की इस लड़ाई में वह पार्टी में मुख्यमंत्री के साथ हैं। विधायकों ने संकल्प किया कि चाहे कितनी भी तकलीफ उठानी पड़े, सत्य की लड़ाई में एकजुटता के साथ मुख्यमंत्री गहलोत के साथ हैं। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री अविनाश पांडे, पार्टी पर्यवेक्षक अजय माकन प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद डोटासरा और संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल ने भी संबोधित किया। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और सचिव देवेंद्र यादव, विवेक बंसल, तरुण कुमार और निजामुद्दीन काजी भी उपस्थित थे (एजेंसी, हि.स.)

Tags

Related Articles

Back to top button
Close