Home Sliderखबरेदेशनई दिल्ली

राहुल की अपील, लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर उठाएं आवाज

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट प्रयास किये जाने की जरूरत पर बल देते हुए देशवासियों से खुलकर आवाज उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार लोकतंत्र को धता बताते हुए जनता की चुनी सरकारों को गिराने में लगी है। ऐसे में लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी जनता की बनती है।

राहुल गांधी ने रविवार को ट्वीट कर कहा, ‘आइए एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाएं।’ इस दौरान राहुल ने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें लोगों को लोकतांत्रिक शक्तियों को बर्बाद करने से रोकने को लेकर भाजपा के खिलाफ मुखर होने की अपील की है। उन्होंने अपने ट्वीट में ‘स्पीक अप फॉर डेमोक्रेसी’ हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए राजस्थान के घटनाक्रम पर ध्यान केन्द्रित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबल के दम पर वहां कांग्रेस की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। दो दिन पहले राजस्थान मामले पर ट्वीट करते हुए उन्होंने भाजपा पर आरोप भी लगाए थे। उन्होंने लिखा, ‘देश में संविधान और कानून का शासन है। सरकारें जनता के बहुमत से बनती व चलती हैं। राजस्थान सरकार गिराने का भाजपाई षडयंत्र साफ है। ये राजस्थान के आठ करोड़ लोगों का अपमान है।’

इससे पहले शनिवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने कोरोना संकट के समय श्रमिक ट्रेनों के माध्यम से आपदा को मुनाफे में बदल दिया। उन्होंने एक खबर शेयर करते हुए ट्वीट किया, बीमारी के ‘बादल’ छाए हैं, लोग मुसीबत में हैं। आपदा को मुनाफे में बदल कर कमा रही है गरीब विरोधी सरकार। (एजेंसी, हि.स.)

Tags

Related Articles

Back to top button
Close