Home Sliderखबरेमहाराष्ट्रराज्य

शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाने को भाजपा तैयार: चंद्रकांत पाटील

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि राज्य के हित के लिए भाजपा शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाने को तैयार है। पाटील ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है, इसलिए मुख्यमंत्री का निर्णय भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा।

चंद्रकांत पाटील ने मंगलवार को मुंबई में पत्रकारों को बताया कि भले ही भाजपा राज्य का हित को ध्यान में रखकर शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाएगी लेकिन चुनाव स्वबल पर ही लड़ेगी। पाटील ने कहा कि 2019 में हुए चुनाव में भाजपा को 105 सीटें मिलीं थीं और शिवसेना को सिर्फ 56 सीटें मिलीं थीं। इसके बाद भी शिवसेना मुख्यमंत्री पद की मांग कर रही थी। शिवसेना को सोचना चाहिए था कि वह इस तरह की मांग आखिर कैसे कर सकती है।

उन्होंने कहा कि शिवसेना ने बेमेल साथियों के साथ मिलकर सरकार तो बना लिया लेकिन इससे राज्य का विकास पूरी तरह ठप हो गया है। इस समय राज्य में कोरोना की वजह से जनता परेशान है लेकिन सरकार की ओर से इसकी रोकथाम के लिए कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। राज्य में किसानों की हालत बदतर होती जा रही है। दूध उत्पादक किसानों को इस समय नुकसान उठाना पड़ रहा है लेकिन सरकार किसानों को अनुदान नहीं दे रही है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को मुंबई में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने राज्य में स्वबल पर सरकार बनाने की तैयारी करने को कहा था। इस धागे को पकड़ते हुए पाटील ने कहा कि भाजपा इससे आगे सभी चुनाव अब स्वबल पर ही लड़ेगी। लेकिन अगर शिवसेना चाहे तो राज्यहित में भाजपा उसके साथ सरकार बना सकती है। (एजेंसी, हि.स.)

Tags

Related Articles

Back to top button
Close