Home Sliderउत्तराखंडखबरेदेशराज्य

योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट पंचतत्व में विलीन, ज्येष्ठ पुत्र ने दी मुखाग्नि

पौड़ी (उत्तराखंड) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का आज यहां गंगा व हेवल नदी के संगम तट फूल चट्टी घाट पर विधि विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

फूलचट्टी स्थित गंगा घाट पर आज सुबह 9.10 बजे आनंद सिंह बिष्ट का पार्थिव शरीर लाया गया। यहां उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, धन सिंह रावत, गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री अजेय, उत्तर प्रदेश के एडिशनल रेजिडेंट कमिश्नर सौम्य श्रीवास्तव, योगी आदित्यनाथ के ओएसडी राज भूषण सिंह रावत, स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

ज्येष्ठ पुत्र मानवेंद्र सिंह बिष्ट ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके पुत्र शैलेन्द्र सिंह व कनिष्ठ पुत्र महेंद्र सिंह सहित परिवार व गांव के लोग भी मौजूद थे। हालांकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मौके पर मौजूद नहीं थे। उत्तर प्रदेश में कोरोना के मद्देनजर कामकाज में अत्यधिक व्यस्त होने के कारण उन्होंने अंतिम संस्कार में नहीं आने की कल ही घोषणा की थी। आनंद सिंह बिष्ट के सबसे बड़े पुत्र मानवेंद्र सिंह है। दूसरे नंबर पर योगी आदित्यनाथ (अजय मोहन सिंह बिष्ट) हैं। तीसरे बेटे शैलेंद्र सिंह भारतीय सेना में सूबेदार हैं और चौथे एवं सबसे छोटे पुत्र महेंद्र सिंह बिष्ट पत्रकारिता में है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान सोमवार सुबह 10:44 पर निधन हो गया था। सोमवार देर रात उनके पार्थिव शरीर को पचोर गांव लाया गया था जहां गरुड़ पुराण का पाठ भी किया गया। आज सुबह 10 बजे पैतृक घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close