उत्तर प्रदेशखबरे

यूपी में कोहरे और ठण्ड से जनजीवन प्रभावित

लखनऊ, =  ठण्ड और कोहरे ने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले रखा है। प्रदेश में भी शीतलहर के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है। आए दिन कोहरे के कारण वाहनों के टकराने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, वहीं रेलगाड़ियां अपने तय समय से कई घण्टे देर से चल रही हैं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, एक दर्जन रेलगाड़ियों पर कोहरे का असर पड़ा है। इस वजह से रेल यात्री जहां निर्धारित समय पर अपने गन्तव्य पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं प्लेटफार्म पर भी लोगों की भीड़ बढ़ गई है। इसी प्रकार, कई फ्लाइट्स भी कोहरे के कारण प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। पछुआ हवाओं की वजह धूप होने के बावजूद ठण्ड ज्यादा महसूस की जा रही है।

राजधानी लखनऊ व आसपास के जनपदों में शनिवार सुबह की शुरुआत भी कोहरे से हुई। हालांकि दोपहर में धूप निकलने से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। यूपी मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और पछुआ हवाओं के कारण मौसम में गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

विभाग के मुताबिक शनिवार को प्रदेश में सहारनपुर का न्यूनतम तापमान सबसे कम छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। इसके अलावा, पड़ोसी जनपद कानपुर का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री, इलाहाबाद का 12.5 डिग्री, वाराणसी का तापमान 12 डिग्री और पूर्वांचल के प्रमुख शहर गोरखपुर का 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में कोहरे का प्रभाव और बढ़ेगा, जिससे तापमान में पहले की अपेक्षा ज्यादा गिरावट दर्ज की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
Close