खबरेस्पोर्ट्स

ओडिशा सरकार ने भारतीय हॉकी टीम के साथ किया पांच साल का करार

नई दिल्ली, 15 फरवरी (हि.स.) । ओडिशा सरकार ने गुरुवार को यहां आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के साथ अगले 5 वर्षों के लिए अपने किस्म के पहले गठजोड़ की घोषणा की। कार्यक्रम में ओडिशा हॉकी ने एक नया लोगो भी जारी किया,जो भारतीय पुरुष और महिलाओं की हॉकी टीम की नई जर्सी पर रहेगा।

इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और भारतीय पुहिला टीम के कप्तान क्रमशः मनप्रीत सिंह और रानी रामपाल ने विश्व कप के लिए भारतीय टीम की जर्सी का अनावरण भी किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पटनायक ने कहा कि भारतीय हॉकी के साथ इस गठजोड़ पर हमें खुशी है और यह मंच उपलब्ध कराने के लिए हम हॉकी इंडिया का शुक्रिया अदा करते हैं। 

उन्होंने कहा कि ओडिशा में हॉकी एक खेल से ज्यादा है। यह जीवनशैली है। खासकर हमारे आदिवासी क्षेत्रों में जहां बच्चे हॉकी स्टिक से चलना सीखते हैं। ओडिशा ने भारत को सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ी दिए हैं। यह पहली बार हो रहा है कि एक राज्य सरकार न सिर्फ अपनी सीमा के अंदर एक खेल को बढ़ावा देगी बल्कि भारतीय हॉकी टीम को सहायता देगी और मेनटॉर करेगी। यह देश को ओडिशा का उपहार है।

इस अवसर पर भारतीय पुरूष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि विश्व कप के लिए टीम पूरी तरह से तैयार है इस साल विश्व कप के साथ हमे कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है और हम इस साल हर प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतेंगे।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ के अध्यक्ष नरिन्दर ध्रुव बत्रा,प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी दिलीप टिर्की, पूर्व कप्तान धनराज पिल्लै, विरेन रसकिन्हा के साथ भारतीय पुरूष और महिला हॉकी टीम के सदस्य भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
Close