खबरे

कमाई के मामले में तीसरे स्थान पर कोहली, बॉलीवुड में सलमान का जलवा

नई दिल्ली, =  भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली कमाई के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। कोहली की आय लगभग 134.44 करोड़ है। वहीं, 2014 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने वाले महेंद्र सिंह धोनी कमाई और प्रसिद्धि की रैंकिंग में पांचवें स्थान पर हैं। उनकी आय इस साल 122.48 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। इस साल उनकी बायोपिक भी आई थी।

वहीं, बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान तो किंग खान से भी आगे निकल गए हैं। वह इस साल सर्वाधिक कमाई करने वाले सेलेब्रिटी बन गए हैं। उन्होंने फो‌र्ब्स इंडिया की 100 सेलेब्रिटी की सूची में अभिनेता शाहरुख खान को पीछे छोड़ शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

फो‌र्ब्स इंडिया की 100 सेलेब सूची अक्टूबर 2015 से सितम्बर 2016 के दौरान सेलेब्रिटी की कमाई और इनकी चर्चा पर आधारित है। इस अवधि में 50 वर्षीय सलमान की 270.33 करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान है। उनकी पिछले साल के आखिर में ‘प्रेम रतन धन पायो’ और इस साल ‘सुल्तान’ आई थी। दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाया था। पिछले साल पहले पायदान पर रहने वाले शाहरुख इस साल 221.75 करोड़ की कमाई के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं। वह प्रसिद्धि के मामले में तीसरे पायदान पर हैं। जबकि सर्वाधिक लोकप्रिय सेलेब्रिटी बने विराट कोहली कमाई में तीसरे स्थान पर हैं। उनकी 134.44 करोड़ रुपये कमाई होने की खबर है। वह 2015 की सूची में सातवें स्थान पर थे।

अभिनेता अक्षय कुमार 203.03 करोड़ रुपये की आय के साथ चौथे पायदान पर हैं। वह लोकप्रियता के मामले में 11वें स्थान पर हैं। उनकी इस साल आई ‘एयरलिफ्ट’, ‘रुस्तम’ और ‘हाउसफूल 3’ ने अच्छा कारोबार किया था।

फो‌र्ब्स की सूची में गायक अरिजित सिंह (15), सुपरस्टार रजनीकांत (30), लेखक चेतन भगत (40), ओलंपियन पीवी सिंधु (62) शेफ संजीव कपूर (73), संजय लीला भंसाली (75), शंकर-एहसान (83), रैपर बादशाह (81) भी हैं।

Related Articles

Back to top button
Close