Home Sliderदेशनई दिल्ली

केरल सरकार विरोधियों के हत्यारों की संरक्षक : रविशंकर

नई दिल्ली, 04 अक्टूबर (हि.स.) केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी सरकार पर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यकर्ताओं के हत्यारों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उसकी कटु आलोचना की। उन्होंने राज्य सरकार से सवाल किया कि वह राज्य में उसके विरोधियों की लगातार हो रही हत्याओं और हिंसा के विरुद्ध कोई कार्यवाही क्यों नहीं कर रही है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हमारे लिए यह बहुत गर्व की बात है कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कुन्नूर में भाजपा और संघ कार्यकर्ताओं की हत्याओं के विरोध में शांतिपूर्ण विरोध करने का नेतृत्व किया है। उन्होंने कहा कि जब से पी विजयन मुख्यमंत्री बने हैं उनके गृह जिले कुन्नूर में तेरह भाजपा और संघ कार्यकर्ता मारे जा चुके हैं। पुलिस उनके अधीन है फिर भी हत्यारों के विरुद्ध कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हत्यारों को संरक्षण प्रदान कर रही है।

गौरतलब है कि अमित शाह ने केरल में पार्टी और संघ कार्यकर्ताओं की हत्याओं के लिए मुख्यमंत्री पी विजयन को दोषी ठहराया है। उन्होंने मंगलवार से इन हत्याओं के विरोध में रक्षा यात्रा शुरू की है जिसको राज्य में प्रबल समर्थन मिल रहा है। कुन्नूर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज जन रक्षा यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि केरल के सीएम के गृह जिले में सबसे ज्यादा हत्या हुई है। 

Related Articles

Back to top button
Close