Home Sliderखबरेछत्तीसगढ़राज्य

दंतेवाड़ा नक्सली हमला : घायल जवान की मौत , मृतकों की संख्या हुई चार

नयी दिल्ली/रायपुर, छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सली हमले में घायल एक अन्य जवान की बुधवार को ईलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को हुए इस हमले में दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे जबकि दूरदर्शन के एक कैमरामैन की भी मौत हो गई थी। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आज यहां भाषा को बताया कि हमले में घायल सहायक आरक्षक राकेश कौशल (35) की आज ईलाज के दौरान मौत हो गई।

कौशल को रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राज्य के दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के नीलावाया गांव के करीब नक्सलियों ने मंगलवार को पुलिस दल पर हमला कर दिया था। हमले में उपनिरीक्षक रूद्र प्रताप सिंह और सहायक आरक्षक मंगलु शहीद हो गए थे। वहीं दिल्ली दूरदर्शन के कैमरामैन अच्युतानंद साहू की मृत्य हो गई थी। इसमें आरक्षक विष्णु नेताम और सहायक आरक्षक राकेश कौशल घायल हो गए थे।

घटना के बाद घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से लाकर रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।   अधिकारियों ने बताया कि हमले में गोली लगने से कौशल गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल हुए अन्य पुलिसकर्मी विष्णु नेताम का ईलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कौशल दंतेवाड़ा जिले के बारसूर गांव का निवासी था। जवान के शव को पोस्टमार्टम के बाद गांव भेज दिया जाएगा। 

Related Articles

Back to top button
Close