Home Sliderखबरेनई दिल्ली

दिल्ली : गैस हुई लीक , बड़ी संख्या में लोग बीमार, एक किमी. का इलाका सील

नई दिल्ली, 06 मई = राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शनिवार सुबह एक कंटेनर से गैस रिसाव होने के कारण बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए है। यह कंटेनर हेमा लॉजिस्टिक का बताया जा रहा है। गैस लीकेज के बाद करीब एक किलोमीटर के इलाके को पुलिस ने एहतियातन सील कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक तुगलकाबाद में रानी झांसी स्कूल के पास केमिकल रिसाव होने से कई बच्चे बेहोश हो गए हैं। केमिकल हवा में उड़ रहा है। कैट्स एम्बुलेंस, दमकल और पुलिस टीम मौक पर मौजूद है।

तुगलकाबाद के निकट स्थित रेलवे कॉलोनी के स्कूल के पास के इलाके में सुबह से ही लोगों ने आंखों में जलन की शिकायत की थी। गैस रिसाव का मामला संज्ञान में आने के बाद आसपास के दो स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। बड़ी संख्या में बच्चों को अस्पताल ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि यहां डिपो में एक गैस कंटेनर पार्क था। सुबह गैस लीक होने की वजह से रानी झांसी कन्या सर्वोदय विद्यालय के कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए। 60 बच्चों को तबियत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया है। मौके पर दो फायर ब्रिग्रेड, एक ब्रीदिंग सेट वैन मौजूद हैं। दिल्ली की फोरेंसिक टीम भी मौके पर है। मामले की जांच की जा रही है.

गैस की चपेट में आए मरीजों का इलाके के विभिन्न अस्पतालों में पहुंचना जारी है। अपोलो, बत्रा और मजीदिया अस्पताल में मरीजों का तांता लगा हुआ है। स्कूली बच्चों को सफदरजंग और एम्स में भी शिफ्ट किया गया है। 250 बच्चों को कैट्स और पीसीआर द्वारा शिफ्ट किया गया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसौदिया ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात कर हादसे की जानकारी ली है। उनके निकटस्थ सूत्रों का कहना है कि ये घटनास्थल और अस्पताल का दौरा करने जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
Close