खबरेनई दिल्ली

दिल्ली में शीत लहर, कोहरे से ट्रेनों और उड़ानों पर असर

नई दिल्ली, =  राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह कोहरा तो कम था लेकिन ठण्ड बढ़ गयी है। कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने के कारण ट्रेनों और विमानों की आवाजाही पर ख़राब असर पड़ा।

यहाँ के इंदिरा गाँधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर छह अंतरराष्ट्रीय और आठ घरेलू उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। ऐसा कोहरे के चलते कम दृश्यता की वजह से हुआ। पिछले दो दिनों से राजधानी के तापमान में सामान्य से गिरावट दर्ज हुई है। कल इस मौसम की सर्वाधिक सर्द रात थी जब तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार मौसम में इस परिवर्तन की वजह उत्तर-पश्चिमोत्तर से आने वाली हवा है जो अपने साथ ठण्डक लेकर यहाँ पहुँच रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन-चार दिनों में ठंडक और बढ़ेगी। 22 दिसंबर तक एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचेगा जिसके बाद पारा और लुढ़कने की संभावना बन रही है।

कश्मीर घाटी के ज्यादातर हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में शून्य से नीचे तापमान रहने के कारण कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित हुई। श्रीनगर का तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं लददाख क्षेत्र के लेह में तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मैदानी इलाकों में हरियाणा का नरनौल इलाका न्यूनतम चार डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।

Related Articles

Back to top button
Close