Home Sliderउत्तर प्रदेशखबरेराज्य

नहीं रहे पूर्व मुख्यमंत्री पं.कमलापति त्रिपाठी के पुत्र पं.मायापति

वाराणसी, 30 जनवरी (हि.स.)। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता स्वर्गीय पंडित कमलापति त्रिपाठी के दूसरे पुत्र पंडित मायापति त्रिपाठी (84) नहीं रहे। औरंगाबाद स्थित अपने पैत्रिक आवास पर उन्होंने अन्तिम सांसे ली। 

सूचना पाते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ दिग्गज नेता शहर के सभ्रांत नागरिक उनके आवास पर शोक संवेदना जताने पहुंचे। औरंगाबाद से निकली अंतिम यात्रा में पूर्व सांसद डा.राजेश मिश्र,पूर्व एमएलसी राजेशपति त्रिपाठी सहित पूर्वांचल के पार्टी नेता शामिल रहे। अन्तिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। मुख्याग्नि ज्येष्ठ पुत्र अम्बरीशपति त्रिपाठी ने दिया। श्री त्रिपाठी अपने पीछे दो पुत्र

एवं एक पुत्री सहित भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं।

काशी की विद्वत परंपरा और राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े प्रतिष्ठित घराने के वरिष्ठतम सदस्य 1979 में युवक कांग्रेस के नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। कांग्रेस में टूटन के बाद श्री त्रिपाठी ने किसान मजदूर युनियन बनाकर मजदूरों की लड़ाई लड़ी। पिता पं.कमलापति त्रिपाठी के साथ लखनउ में ही उनके सरकारी आवास पर मायापति त्रिपाठी रहते थे। नब्बे के दशक में पूर्व मुख्यमंत्री के रूप अपने पिता को आवंटित आवास उनके निधन के बाद खाली करना पड़ा। इसके बाद श्री त्रिपाठी काशी आकर अपने पैत्रिक आवास औरंगाबाद में ही रहने लगे। श्री त्रिपाठी उम्रजनित बीमारियों के चलते लम्बे समय से अस्वथ्य चल रहे थे। पंडित कमलापति त्रिपाठी के तीन पुत्रों में सबसे बड़े लोकपति त्रिपाठी का 2005 में ही निधन हो गया था। अब तीसरे पुत्र वयोवृद्ध मंगलेशपति त्रिपाठी ही जीवित हैं।

शोक संवेदना का लगा तांता

कांग्रेस के भीष्मपितामह और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री पं.कमलापति त्रिपाठी के दुसरे नम्बर के पुत्र पं.मायापति त्रिपाठी के निधन से उम्र के साठवें पायदान पर खड़े कार्यकर्ता काफी मर्माहत दिखे। मणिकर्णिकाघाट पर मौजूद कार्यकर्ता मायापति जी के साथ बीतायें पलों और उनके खुशमिजाजी का संस्मरण सुनाते रहे। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रोफेसर और त्रिपाठी परिवार के नजदीकी सतीश राय ने शोक संवेदना जताते हुए कहा कि मायापति जी राजनीतिक सूझ-बूझ इच्छाशक्ति के धनी थे। बातचीत में हमेशा गूढ़ विषयों पर भी मार्गदर्शन देते थे। पूर्व विधायक अजय राय,जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा,संजय मिश्रा,संजय चौबे,ज्ञानू कपूर,राजेश तिवारी,अनुराग दूबे आदि ने भी शोक संवेदना जताया।

Related Articles

Back to top button
Close